9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्वर्णनगरी में सड़कों पर एक्शन.. आवारा पशुओं की धरपकड़ को लेकर अभियान शुरू

स्वर्णनगरी में सड़कों पर घूम रहे पशुओं को लेकर आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है। पत्रिका में प्रमुखता से मुद्दा उठाने के बाद यह स्थिति बनी है।

2 min read
Google source verification

स्वर्णनगरी में सड़कों पर घूम रहे पशुओं को लेकर आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है। पत्रिका में प्रमुखता से मुद्दा उठाने के बाद यह स्थिति बनी है। नगरपरिषद ने धरातल पर अभियान शुरू कर दिया है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर टीमों ने पहुंचकर आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई तेज कर दी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था और आमजन को राहत मिलने लगी है। शहर में लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई थी। सड़कों पर अचानक पशुओं के आने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था, वहीं यातायात भी बाधित होता था।

बाजार क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर हालात ज्यादा खराब थे, जहां दिनभर पशु विचरण करते नजर आते थे। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे थे, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। अब नगर परिषद ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए अभियान शुरू किया है। शिव रोड, रिंग रोड, गड़ीसर चौराहा, रेलवे स्टेशन, हनुमान चौराहा और गांधी चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर टीमों ने पहुंचकर आवारा पशुओं को पकड़ना शुरू किया। अभियान के दौरान कई पशुओं को काबू में लिया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्त मार्गों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां समस्या ज्यादा गंभीर थी।

इससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अब लंबे समय से चली आ रही परेशानी का स्थायी समाधान निकल सकेगा। शहरवासियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई पहले भी समय-समय पर शुरू होती रही है, लेकिन निरंतरता के अभाव में समस्या फिर से बढ़ जाती है। ऐसे में जरूरी है कि इस अभियान को लगातार जारी रखा जाए और नियमित निगरानी भी सुनिश्चित हो।

फिलहाल, अभियान के चलते सड़कों पर आवारा पशुओं की संख्या में कमी आने लगी है, जिससे यातायात सुगम हुआ है और लोगों को राहत महसूस हो रही है।

ग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण :

जैसलमेर एसबीआइ ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, गांधी कॉलोनी की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवक एवं युवतियों के लिए निःशुल्क स्वरोजगार उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों में सीसीटीवी इंस्टालेशन, कंप्यूटर अकाउंटिंग, महिला सिलाई, ब्यूटी पार्लर, अगरबत्ती निर्माण, अचार-पापड़ निर्माण, फास्ट फूड मेकिंग, पशुपालन और मोबाइल रिपेयरिंग जैसे विविध कोर्स शामिल हैं। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी को बीपीएल परिवार, मनरेगा कर्मी या उनके परिवार सदस्य, स्वयं सहायता समूह परिवार सदस्य, खाद्य सुरक्षा योजना लाभार्थी अथवा अन्त्योदय परिवार सदस्य में से किसी एक श्रेणी का होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार एसबीआइ आरसेटी कार्यालय, गांधी कॉलोनी, जैसलमेर में संपर्क कर आवेदन पत्र भर सकते हैं।