9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बबर मगरा क्षेत्र में आए दिन बिन बादल बारिश, जल-जाल में फंस रहे 4 हजार बाशिंदे

जैसलमेर शहर के बबर मगरा क्षेत्र के वार्ड संख्या -44 में लगातार बहते पानी ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। हालात ऐसे हैं मानो बिना बारिश के ही सड़कों पर पानी का दरिया बह रहा हो। घरों के बाहर जल-भराव, कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों का निकलना दूभर हो गया है।

2 min read
Google source verification

जैसलमेर शहर के बबर मगरा क्षेत्र के वार्ड संख्या -44 में लगातार बहते पानी ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। हालात ऐसे हैं मानो बिना बारिश के ही सड़कों पर पानी का दरिया बह रहा हो। घरों के बाहर जल-भराव, कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों का निकलना दूभर हो गया है। करीब 4 हजार की आबादी इस समस्या से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या पाइपलाइन लीकेज और जल निकासी की अव्यवस्था के कारण बनी हुई है, जिससे रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो लीकेज ठीक किया गया और न ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की गई।नतीजतन, घरों में सीलन, दुकानों में नुकसान और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

दो साल से समस्या, सुनवाई नहीं, हालात हुए बदतर

विगत लंबे समय से हम इस समस्या से जूझ रहे हैं। हर दिन सड़कों पर पानी बहता रहता है, जिससे घरों में सीलन और बदबू फैल रही है। कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
— हक़मदान झीबा, स्थानीय निवासी

पानी से भरी सड़कें, बच्चों-बुजुर्गों को परेशानी

क्षेत्र में हर समय पानी भरा रहता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और बुजुर्गों के लिए चलना खतरे से खाली नहीं है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।
— भागीरथ सेन, स्थानीय निवासी

जल-भराव से ठप व्यापार

जल - भराव व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्राहक गंदगी और पानी की वजह से आने से कतराते हैं, जिससे रोजाना नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई बार नगर परिषद को अवगत कराया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो छोटे व्यापारियों की स्थिति और खराब हो जाएगी।

— भंवरलाल ओड, स्थानीय निवासी

फिसलन से हादसे बढ़े, हर दिन लोग हो रहे घायल

सड़कों पर इतनी ज्यादा फिसलन हो गई है कि आए दिन कोई न कोई गिरकर चोटिल हो रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी इस परेशानी से जूझ रहे हैं। बारिश नहीं होने के बावजूद पानी का बहाव समझ से परे है। प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
— शेर खान, स्थानीय निवासी

निकासी नहीं होने से घरों में घुस रहा पानी, नुकसान बढ़ा

यहां जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण पानी लंबे समय तक जमा रहता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों के घरों में पानी घुसने से भारी नुकसान हो रहा है। जिम्मेदारों की इस अनदेखी से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है और अब वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
— शिवा ओड, स्थानीय निवासी

रोजाना पानी बर्बाद, अब ठोस समाधान की मांग

हम सभी क्षेत्रवासी लंबे समय से इस समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन कहीं से कोई राहत नहीं मिल रही है। हजारों लीटर पानी रोजाना व्यर्थ बह रहा है, जो चिंता का विषय है। प्रशासन को तुरंत इस पर संज्ञान लेकर स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और इस जल-जाल से छुटकारा मिल पाए।
— याकूब खां, स्थानीय निवासी