स्वर्णनगरी में आसमान से एक बार फिर धूप के रूप में अंगारे बरसने का दौर शुरू हो गया है।
स्वर्णनगरी में आसमान से एक बार फिर धूप के रूप में अंगारे बरसने का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण दोपहर से लेकर शाम तक के समय में तन झुलसने जैसा अहसास हुआ। जैसलमेर का अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री के स्तर पर पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूरे 10 दिन बाद पारे ने 45 डिग्री का मनोवैज्ञानिक आंकड़ा पार किया है। इससे पहले गत 27 मई को स्वर्णनगरी में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज हुआ था। शनिवार को जैसलमेर राजस्थान का सबसे भीषण गर्मी वाला जिला बना। इसके बाद बीकानेर का स्थान रहा। रात की शीतलता के बाद सुबह जल्दी मौसम सुहावना बना हुआ था। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, धूप की तल्खी तेज होती गई। दोपहर बाद करीब 1 बजे से लू का दौर शुरू हो गया। छुट्टी का दिन होने के कारण गर्मी का रौद्र रूप देखकर ज्यादातर लोग दोपहर में घरों में ही रहे। आम तौर पर व्यस्त यातायात वाली सडक़ों पर लगभग सन्नाटा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। साथ ही पश्चिमी राजस्थान के जिलों में हीटवेव चलने की संभावना व्यक्त की गई है।