
पोकरण क्षेत्र में चोरों के हौसले दिनोंदिन बुलंद होते जा रहे है। जिससे चोरी की वारदातें बढ़ रही है। बीते कुछ दिनों में क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी है। मंगलवार रात पुलिस की सजगता व गश्त के चलते चोरी की वारदात नहीं हो सकी। कस्बे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में मंगलवार रात चोरों ने दो मकानों के ताले तोडऩे के प्रयास किए। इस दौरान गश्त करती पुलिस की एक गाड़ी व एक मोटरसाइकिल यहां पहुंच गई, जिसको देख चोर भाग गए। गौरतलब है कि क्षेत्र में इन दिनों भादवा मेला चल रहा है। इस दौरान प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु यहां पहुंच रहे है। श्रद्धालुओं के साथ कई समाजकंटक भी शामिल हो जाते है और क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर वापिस श्रद्धालुओं की भीड़ में मिल जाते है। ऐसे में इन्हें पकडऩा मुश्किल हो जाता है। मंगलवार रात चोरों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में स्थित भगवतीलाल बोहरा के मकान में घुसने व ताले तोडऩे का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस की गश्त करती गाड़ी यहां पहुंच गई। सायरन की आवाज सुनकर अज्ञात चोर मौके से भाग गए।
तेज गति से वाहन भागते देख पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने काफी दूर तक उनका पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। आगे जाकर श्रद्धालुओं की भीड़ में शामिल हो गए। जिससे उनका सुराग नहीं लग पाया। थानाधिकारी छत्तरसिंह देवड़ा ने मौका मुआयना किया। उनके नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
रामदेवरा नेत्रकुंभ में सेवाएं देने आए एक एनआरआइ की कार का शीशा तोडक़र सामान चोरी कर लिए जाने की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार आस्ट्रेलिया निवासी विद्युत आरकोट मंगलवार शाम किसी काम से पोकरण आया था। उसने अपनी कार व्यास सर्किल के पास खड़ी की और वह पास स्थित एक दुकान में चला गया। इस दौरान चोर ने कार का शीशा तोडक़र उसमें रखा एक बैग ले लिया। इस बैग में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम आदि सामान रखा हुआ था। कुछ देर बाद वह कार के पास आया तो शीशा टूटा हुआ था और बैग गायब था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के आधार पर जांच की। इस दौरान सर्किल से कुछ दूरी पर स्थित एक गली में बैग लावारिस हालत में बरामद हुआ। जिसमें सभी कागजात मिल गए। पुलिस ने कागजात मालिक को सुपुर्द किए। चोर की तलाश की जा रही है।
Published on:
20 Aug 2025 08:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
