11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Army Truck Accident: जैसलमेर में आर्मी ट्रक और बोलेरो की भीषण भिड़ंत, चालक की हालत नाजुक

Army Truck Collision: पोकरण के लाठी थाना क्षेत्र में धोलिया गांव के पास भादरिया फांटे पर बुधवार सुबह सेना के ट्रक और बोलेरो कैंपर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक अलादीन गंभीर घायल हो गया।

2 min read
Google source verification
Army Truck and Bolero Camper Collide in Jaisalmer Front Portions Crushed Driver Critically Injured

जैसलमेर में आर्मी ट्रक और बोलेरो में टक्कर (फोटो- पत्रिका)

Jaisalmer News: पोकरण से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर स्थित लाठी थाना क्षेत्र के धोलिया गांव के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। भादरिया फांटे के समीप भारतीय सेना के एक ट्रक और बोलेरो कैंपर के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह लाठी निवासी अलादीन (35) पुत्र जमालदीन अपने दो किसान साथियों के साथ बोलेरो कैंपर में सवार होकर लाठी से पोकरण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेना का एक ट्रक पोकरण से रवाना होकर हाइवे पार करते हुए भादरिया गांव की तरफ मुड़ रहा था। भादरिया फांटे पर दोनों वाहनों की गति तेज होने के कारण वे आपस में टकरा गए।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में फंसे चालक अलादीन और दोनों किसानों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गनीमत रही कि बोलेरो में सवार अन्य किसान सुरक्षित रहे, लेकिन चालक अलादीन को गंभीर चोटें आईं।

प्रशासनिक और चिकित्सा सहायता

घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से लाठी के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे पोकरण अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही लाठी थाने से सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद गोयल और भारतीय सेना के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सेना के अधिकारियों ने भी अपने स्तर पर घटना की जानकारी जुटाई है।