
patrika news
-मारपीट के बाद दो घंटे तक किया कार्य का बहिष्कार
पोकरण. क्षेत्र के भणियाणा गांव में स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्साकर्मियों के साथ मारपीट के बाद बुधवार को दो घंटे तक कार्य का बहिष्कार कर रोष जताया। गौरतलब है कि भणियाणा गांव में अस्पताल परिसर के बाहर मेडिकल की दुकान लगाकर बैठे एक दुकानदार की ओर से मंगलवार को चिकित्सक व चिकित्साकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट की गई, जिससे चिकित्साकर्मियों में रोष व्याप्त हो गया। बुधवार को सुबह चिकित्सक व चिकित्साकर्मी अस्पताल में एकत्रित हुए। उन्होंने आरोपित को गिरफ्तार करने व मेडिकल बंद करने की मांग को लेकर दो घंटे तक कार्य का बहिष्कार कर रोष जताया।
ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के भणियाणा गांव में चिकित्सक के साथ हुई मारपीट करने के आरोपितों को गिरफ्तार करने व अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोर बंद करने की मांग को लेकर बुधवार को चिकित्साकर्मियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सुपुर्द किया। भणियाणा राजकीय अस्पताल में कार्यरत डॉ.चैनसुख पालीवाल, डॉ.अजयपालसिंह, डॉ.महेन्द्रसिंह सहित चिकित्साकर्मियों ने तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि अस्पताल के मुख्य द्वार के दोनों तरफ महेश की ओर से अवैध रूप से मेडिकल की दुकान संचालित की जा रही है। उसकी ओर से चिकित्साकर्मियों को बार-बार उसकी दुकान की दवाइयां लिखने के लिए परेशान किया जा रहा है। वह दुकान में घटिया गुणवत्ता व सैंपल की दवाइयां रखता है, जो मरीजों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकती है। मंगलवार को भी उसकी ओर से अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट कर चिकित्सक के साथ धक्का-मुक्की गई। ऐसे में चिकित्सक अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे है। उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर को बुलवाकर मेडिकल सीज करवाने व मारपीट के आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग की। जिस पर तहसीलदार की ओर से चिकित्सकों से समझाइश की गई तथा भरोसा दिलाया गया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
8 Feb 2018, 10:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.