
सिंचाई के पानी की चोरी व अपव्यय करने पर मामला दर्ज
नाचना थानाक्षेत्र में रबी फसल की सिंचाई के दौरान पानी की चोरी व अपव्यय करने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। नाचना पुलिस के अनुसार इंदिरा गांधी नहर परियोजना के कनिष्ठ अभियंता प्रवीणकुमार मोबिया ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि घंटियाली वितरिका सिस्टम पर रबी फसल की सिंचाई के लिए नहर में पानी प्रवाहित किया जा रहा है। नहर पर निरीक्षण के दौरान पता चला कि चक 22 जीटीडी 01 एनडब्ल्यूएम के मुरबा नंबर 155/49 के पास वाटर कोर्ज को कुछ लोगों ने तोड़ दिया है। साथ ही पानी को खाले में न जाने देकर बंजर भूमि, जहां पर बीजाण नहीं किया गया है, वहां फैलाकर पानी का अपव्यय व चोरी किया है। पानी की बारी के अनुसार चक संख्या 22 जीटीडी 01 एनडब्ल्यूएम के मुरबा नंबर 155/49 में पानी बारी चल रही थी। 22 जीटीडी 01 एनडब्ल्यूएम के अध्यक्ष व काश्तकार मौलाबक्श, दौसेखां व आलमखां आदि काश्तकारों ने उन्हें बताया कि 4 जनवरी को सुबह 8 बजे काश्तकार मोहम्मदखां, निजावतखां व बीरबलखां आदि ट्रैक्टर पर सवार होकर आए और खाले को ट्रैक्टर से तोड़ दिया। इन लोगों ने राजकीय सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया और सिंचाई के पानी का अपव्यय कर विभागीय आदेश की अवहेलना की है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच मुख्य आरक्षक खीमाराम कर रहे है।
Published on:
05 Jan 2024 08:28 pm
