
स्वर्णनगरी सहित जिले भर में गत दिनों पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और तेज ठंडी हवाओं के चलते तापमान में आई बड़ी गिरावट का दौर अब धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है। दिन व रात का पारा एक बार फिर बढ़ोतरी की ओर अग्रसर है, लेकिन रविवार को भी तापमान के नियंत्रण में रहने से मौसम खुशगवार रहा। आसमान में भी बादल छाए हुए रहे।
दोपहर में धूप खिली हुई होने के बावजूद उसमें ज्यादा तपिश नहीं होने से पंखों की हवा भी सुहानी प्रतीत हुई। मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 32.2 व न्यूनतम 18.8 डिग्री रिकॉर्ड किया। एक दिन पहले यह क्रमश: 31.4 व 17.7 डिग्री रहा था। शाम ढलने से रात तक मौसम में शीतलता का असर बना रहने से सडक़ों व बाजारों में रौनक का मंजर रहा। सुबह धूप खिलने से पहले आसमान में बादलों के छाए रहने के साथ हवाओं के चलने से गुलाबी शीतलता का खुशनुमा वातावरण बना हुआ रहा। मॉर्निंग वॉकिंग पर निकलने वालों से लेकर कार्यवश जल्दी घर छोडऩे वाले लोगों को मौसम की मौजूदा स्थिति काफी रास आ रही है। शहर भ्रमण पर आ रहे सैलानियों को भी घूमते समय काफी सुकून महसूस हो रहा है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में मौसम एकदम साफ हो जाएगा और तेज धूप फिर से सताने लगेगी।
पोकरण क्षेत्र में मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार की शाम हल्की बारिश के बाद पूरी रात तेज ठंडी हवाएं चलती रही। जिससे लोगों को हल्की गुलाबी सर्दी का अहसास हुआ और बीते कुछ दिनों से चल रही तेज गर्मी से भी राहत मिली। रविवार को सुबह आसमान साफ होने से सूर्य की तेज किरणें निकली। 10 बजे बाद तापमान में बढ़ोतरी महसूस की गई। दोपहर में हल्के बादलों की आवाजाही शुरू हुई। 2 बजे बाद आसमान में घने काले बादल छा गए। जिससे सूर्य बादलों की ओट में छिप गया और तेज हवा चलने लगी। शाम तक भी बादल छाए हुए थे और तेज हवा चल रही थी। जिससे तापमान में फिर गिरावट हुई।
Published on:
22 Mar 2026 08:33 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
