15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer: जैसलमेर अकादमी ने चौथी बार जीता सब जूनियर बास्केटबॉल स्वर्ण

जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी ने 51वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चौथी बार स्वर्ण पदक जीत लिया। बारां के मांगरोल में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में अकादमी ने जयपुर को 43-04 से हराकर अपना कुल आठवां स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि से जैसलमेर ने प्रदेश में बास्केटबॉल की अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी।

2 min read
Google source verification
jaisalmer sport news

जैसलमेर. सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विजेता जैसलमेर अकादमी की टीम।

जैसलमेर. जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए 51वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। अकादमी ने लगातार चौथी बार यह उपलब्धि हासिल कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। यह अकादमी का कुल आठवां स्वर्ण पदक है। राज्य सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर द्वारा संचालित जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी ने बारां के मांगरोल में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

टीम ने क्वार्टर फाइनल में अलवर को 60-16 से, सेमीफाइनल में झुंझुनूं को 52-36 से शिकस्त दी। फाइनल में जयपुर के विरुद्ध 43-04 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जिला खेल अधिकारी एवं अकादमी प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई ने बताया कि अकादमी ने वर्ष 2015 से 2019 तक लगातार पांच बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। कोरोना के कारण 2020-21 में प्रतियोगिताएं नहीं हुईं। वर्ष 2022 में अकादमी पुनः प्रारंभ होने पर रजत पदक मिला, जिसके बाद 2023, 2024, 2025 और अब 2026 में लगातार चार बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। हर्षवर्धन, विभोर, रोबिन, संदीप, आदित्य एवं हरिओम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।

बास्केटबॉल समर कैम्प का समापन

जैसलमेर जिला बास्केटबॉल संघ, जैसलमेर की ओर से आयोजित एक माह का समर बास्केटबॉल कैम्प रविवार को इंदिरा इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुआ। समापन समारोह में खिलाड़ियों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न खेल कौशल प्रदर्शन, अभिभावकों की प्रतियोगिताएं और मनोरंजक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। समारोह के विशिष्ट अतिथि नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा और एडिशनल एसपी प्रेम धनदे रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल बालक-बालिकाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। समारोह में सब-जूनियर, यूथ, गर्ल्स और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशलों का शानदार प्रदर्शन किया। महिला अभिभावकों के लिए आयोजित बास्केटबॉल शूटिंग प्रतियोगिता तथा पुरुष अभिभावकों के मैत्री मैच में भी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान कैम्प प्रतिभागियों को बैग और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह का सबसे मनोरंजक क्षण वह रहा जब कैम्प में भाग लेने वाले बच्चों ने स्वयं तैयार की गई एक विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की। इसमें बच्चों ने कैम्प के दौरान अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न प्रशिक्षकों की शैली का अभिनय कर उपस्थित दर्शकों और अभिभावकों का भरपूर मनोरंजन किया।