11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जैसलमेर जिले में भी गैस संकट के हालात, कमर्शियल सिलेंडर पर रोक से बढ़ी परेशानी

अमेरिका-इजराइल की ओर से ईरान के साथ की जा रही जंग का सीधा असर देश व प्रदेश की भांति सीमावर्ती जैसलमेर जिले में भी देखने में आ रहा है। जैसलमेर मुख्यालय के साथ पोकरण में में इन दिनों रसोई गैस को लेकर संकट की स्थिति बन गई है।

3 min read
Google source verification

अमेरिका-इजराइल की ओर से ईरान के साथ की जा रही जंग का सीधा असर देश व प्रदेश की भांति सीमावर्ती जैसलमेर जिले में भी देखने में आ रहा है। जैसलमेर मुख्यालय के साथ पोकरण में में इन दिनों रसोई गैस को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगने और घरेलू गैस सिलेंडरों की सीमित सप्लाई के कारण आम उपभोक्ताओं से लेकर होटल-ढाबा संचालकों तक सभी परेशान नजर आ रहे हैं।

हालात यह हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग भी अब 25 दिन बाद की जा रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गत दो दिनों से स्थानीय गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की भीड़ बढऩे लगी है। आशंका के चलते लोग घरों में पर्याप्त गैस सिलेंडर रखने को तरजीह दे रहे हैं ताकि आगे हालात और बिगड़े तो कम से कम ईंधन को लेकर कोई परेशानी नहीं हो। उपभोक्ताओं की ओर से जब एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए फोन किया जा रहा है तो नंबर अमान्य बताने के साथ तकनीकी दिक्कत बताई जा रही है। जिस पर उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़े। ऐसे में बुधवार को दिनभर पोकरण में गैस एजेंसी में भीड़ देखी गई। हालांकि एजेंसी संचालकों के अनुसार घरेलू गैस की आपूर्ति नियमानुसार की जा रही है।

इनकी बढ़ गई परेशानी

जानकारी के अनुसार गत चार दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगने के कारण जैसलमेर में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और छोटे भोजनालय संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई जगहों पर संचालक घरेलू गैस सिलेंडर का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं, जबकि घरेलू गैस की सप्लाई भी सीमित होने से स्थिति और जटिल हो गई है। पर्यटन नगरी होने के कारण यहां होटल और रेस्टोरेंट की बड़ी संख्या है, ऐसे में गैस की कमी से उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भी धीरे-धीरे परेशानी बढऩे के संकेत हैं। गैस एजेंसियों की ओर से सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद की जा रही है। ऐसे में जिन घरों में सिलेंडर की आवश्यकता है, उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। कई परिवारों को मजबूरी में वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों के गोदामों तक खुद सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। सुबह से ही एजेंसियों के गोदामों के बाहर लोग सिलेंडर की कतारें देखी जा रही हैं। उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर गोदाम पहुंचते हैं और वहां से भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त करने की कोशिश करते हैं।

रसोई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव

स्थानीय लोगों नवलकिशोर और प्रेमसिंह चौहान का कहना है कि गैस संकट के कारण घरों की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खासतौर पर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए यह स्थिति काफी परेशानी भरी बन गई है। वहीं होटल और ढाबा संचालकों का कहना है कि यदि जल्द ही कमर्शियल सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो उनके कारोबार पर गंभीर असर पड़ सकता है। हालांकि होटलों व रेस्टोरेंट संचालकों की ओर से युद्ध के चलते कुछ दिन पूर्व ही सिलेंडर का स्टॉक कर लिया गया था, लेकिन अब नए सिलेंडर नहीं मिलने के कारण स्टॉक भी खत्म हो रहा है।

घरेलू सिलेंडर की नियमित आपूर्ति

जैसलमेर में गैस एजेंसी संचालक नरेंद्र व्यास ने बताया कि अपने उपभोक्ताओं को हमारी ओर से घरेलू सिलेंडर की नियमित ढंग से आपूर्ति की जा रही है। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं आ रही है। पोकरण में एजेंसी संचालक सुषमा विश्नोई ने बताया कि फिलहाल व्यवसायिक सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी गई है। जबकि घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति में समस्या नहीं होने दी जाएगी। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमानुसार आपूर्ति की जा रही है।