
Weather News: जैसलमेर के पोकरण क्षेत्र में रविवार दोपहर अचानक मौसम में बदलाव हुआ और आंधी, तूफानी बारिश का दौर चला। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश से मौसम ठंडा व खुशगवार हो गया। गर्मी से त्रस्त लोगों को राहत मिली। दिन चढऩे के साथ रविवार को सूर्य की तेज किरणें निकली और गर्मी व उमस का मौसम बना रहा। दोपहर 12 बजे बाद बादलों की आवाजाही शुरू हुई। करीब 1 बजे बाद तेज बारिश का दौर चला, जो करीब 10 मिनट तक जारी रहा। दोपहर बाद आंधी शुरू हो गई और रेत का गुबार छा गया और तूफानी बारिश का दौर शुरू हुआ। कड़कती बिजली के बीच रुक-रुककर करीब एक घंटे पानी बरसा। तूफानी हवा व तेज बौछारों के साथ हुई बारिश के कारण परनाले बहने लगे। सड़कों पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया। बरसाती नदी-नाले परवान पर चले। साढ़े 4 बजे बाद बारिश का दौर कम हो गया, लेकिन बूंदाबांदी व हल्की बारिश का दौर देर शाम तक जारी रहा।
बिजली हो गई गुल, गिर गए पोल व तारें
बारिश के साथ ही कस्बे की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। दोपहर करीब 2 बजे बंद हुई बिजली देर शाम तक भी सुचारु नहीं हो पाई थी, जिसके कारण लोगों को परेशानी हुई। इसी प्रकार तेज आंधी व तूफान के कारण कस्बे के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर विद्युत पोल, तारें आदि गिर गए। जिसके कारण डिस्कॉम को खासा नुकसान हुआ है। तेज तूफानी आंधी व बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ भी धराशायी हो गए।
2 फीट तक चला पानी
तेज बारिश के चलते जैसलमेर रोड मदरसे के आगे वार्ड संख्या एक से पानी तेज बहाव के साथ बहने लगा। तोलाबेरा नदी की तरफ जाने वाले पानी से एकबारगी यातायात ठप हो गया। मदरसे के आगे सड़क पर करीब दो फीट तक पानी बहने लगा। ऐसे में राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। पानी का स्तर कम होने पर लोगों को राहत मिली।
निचली बस्तियों में घुसा पानी, उड़े कच्चे झोंपड़े
कस्बे व आसपास क्षेत्र में कच्ची बस्तियों में झुग्गी झोंपडिय़ों में निवास कर रहे लोगों को आंधी व तूफानी बारिश के कारण ज्यादा परेशानी हुई। कई जगहों पर झोंपडिय़ां उड़ गई। कस्बे में दुकानों के आगे लगे टिनशेड, छप्पर व साइन बोर्ड भी उड़कर धराशायी हो गए। इसके अलावा कस्बे व आसपास क्षेत्र में निचली बस्तियों व घरों में पानी घुस गया।
बारिश के साथ गिरे ओले
पश्चिमी विभोक्ष सक्रिय होने के साथ तूफानी आंधी और बारिश का दौर चला। इसके बाद गांव व आसपास क्षेत्र में कई जगह बेर के आकार के ओले भी गिरे। बारिश व ओलावृष्टि के कारण तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई।
Published on:
29 May 2023 10:01 am
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
