4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer: पोकरण की जर्जर सड़कें बनी मुसीबत, गहरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

सरहदी जिले के प्रवेश द्वार पोकरण की प्रमुख सड़कें इन दिनों गहरे गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण बदहाल हो चुकी हैं, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन-रात दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के बावजूद सड़क सुधार के लिए अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
2 min read
Google source verification
pokaran

मुख्य मार्गों के बिगड़े हालात से लोग परेशान

पोकरण. सरहदी जिले का प्रवेश द्वार मानी जाने वाली परमाणु नगरी पोकरण की प्रमुख सड़कें इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी सड़कें आमजन के लिए परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन में भी वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है, जबकि रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।पोकरण से होकर प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक जैसलमेर की ओर जाते हैं, वहीं बाबा रामदेवरा आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का भी यही प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद पिछले कई महीनों से शहर के मुख्य मार्गों की दुर्दशा बनी हुई है। लगातार शिकायतों के बाद भी सड़क सुधार की दिशा में प्रभावी पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

परेशानी यह भी

कस्बे में पिछले कुछ महीनों से सीवरेज लाइन, पेयजल पाइपलाइन और भूमिगत विद्युत केबल बिछाने का कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं के लिए विभिन्न स्थानों पर सड़कें खोदी गईं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर मरम्मत का कार्य संतोषजनक नहीं हो पाया। जोधपुर रोड, अस्पताल रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, अंबेडकर सर्किल, स्टेशन रोड और फोर्ट रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनसे यातायात प्रभावित हो रहा है।

मरम्मत केवल औपचारिकता तक सीमित

सीवरेज और पाइपलाइन कार्य पूरा होने के बाद कुछ स्थानों पर गड्ढों को भरने का काम किया गया, लेकिन यह मरम्मत टिकाऊ नहीं रही। व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, स्टेशन रोड और अंबेडकर सर्किल मार्ग पर सीमेंट और कंक्रीट डालकर खानापूर्ति की गई। फोर्ट रोड पर कई हिस्सों में कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। वहीं जोधनगर क्षेत्र और सालमसागर तालाब के पास गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर छोड़ दी गई, जिससे मिट्टी के ढेर जमा हो गए हैं और सड़कें पूरी तरह बिखर गई हैं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

बढ रहे हादसे, बढ़ रही परेशानी

मुख्य चौराहों और व्यस्त मार्गों पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान हैं। कई स्थानों पर गड्ढे अब तक नहीं भरे गए हैं, जिससे प्रतिदिन राहगीर, बुजुर्ग और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उखड़े डामर और गहरे गड्ढों के कारण फोर्ट रोड सहित कई मार्ग दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुके हैं। स्थानीय लोगों ने सड़कों की गुणवत्ता के साथ शीघ्र स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

आवाजाही करना कठिन

मुख्य चौराहों के आसपास सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। गड्ढों के कारण आवाजाही कठिन हो गई है और प्रतिदिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।

-खुमाणसिंह, स्थानीय, निवासी

दुर्घटना का खतरा

फोर्ट रोड पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गहरे गड्ढों और उखड़े डामर के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। शीघ्र मरम्मत नहीं हुई तो गंभीर हादसे हो सकते हैं।

-हेमंत खुराणा, स्थानीय निवासी