
जैसलमेर जिले के सीमावर्ती तनोट थाना क्षेत्र में रविवार शाम सेना की जिप्सी पलटने से एक मेजर की मौत हो गई, जबकि लेफ्टिनेंट कर्नल और दो मेजर सहित चार अधिकारी घायल हो गए। हादसा रामगढ़-लोंगेवाला मार्ग पर गमनेवाला गांव के पास शाम करीब 5 बजे हुआ। घायलों को पहले रामगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। तनोट थाना के एएसआइ अचलराम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सडक़ पर तेज मोड़ था, लेकिन जिप्सी उस हिसाब से मोड़ नहीं ले पाई और पलट गई। हादसे के समय वाहन में लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत राय (32), मेजर टीसी भारद्वाज (33), मेजर अमित (30), मेजर प्राची शुक्ला और ड्राइवर नसीरुद्दीन सवार थे। गंभीर रूप से घायल मेजर टीसी भारद्वाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों में मेजर अमित को आंख के पास चोट आई है, मेजर प्राची शुक्ला को सिर में गंभीर चोटें हैं, जबकि ड्राइवर नसीरुद्दीन का बायां कान कट गया। सभी का इलाज सेना अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। हादसे की सूचना पर तनोट और रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मेजर टीसी भारद्वाज का शव पोस्टमॉर्टम के बाद सेना को सौंपा गया। वे आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले के निवासी थे। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
13 Oct 2025 07:39 pm
Published on:
13 Oct 2025 07:39 pm
