
लाठी (जैसलमेर). लाठी कस्बे के श्रीभादरिया लाठी रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा फंसा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल को 108 एम्बुलेंस की सहायता से लाठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए पोकरण रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे जैसलमेर से लालगढ़ जाने वाली लालगढ़–जैसलमेर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंची। ट्रेन में सवार नागौर जिले की मूंडवा तहसील के ईनाणा गांव निवासी कैलाश पुत्र मदाराम इनाणिया पानी की बोतल भरने के लिए नीचे उतरा।
निर्धारित ठहराव पूरा होने पर ट्रेन रवाना होने लगी। इसी दौरान कैलाश दौड़कर वापस ट्रेन में चढ़ने लगा, लेकिन जल्दबाजी में उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ते ही वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। हादसे में उसके शरीर पर कई स्थानों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर रामजीलाल मीणा, स्थानीय ग्रामीण मुशर्रफ, अनवर खां, आरिफ़ खां, इमरान खान, अमीन खां तथा रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद खून से लथपथ घायल युवक को बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस से लाठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पोकरण रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर लाठी थाने से सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी के कारण हुआ।
लाठी. लाठी क्षेत्र के खेतोलाई गांव के निकट सोमवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार कार गाय से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार महिला एवं चारों पुरुष सुरक्षित रहे। किसी को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार जोधपुर से जैसलमेर की ओर जा रही कार खेतोलाई गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान एक गाय सड़क पार कर जंगल की ओर जा रही थी। चालक के संभलने से पहले ही कार गाय से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
Published on:
22 Jun 2026 08:47 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
