
विवाहिता ने की आत्महत्या, दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त करने का लगाया आरोप
एक विवाहिता के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त किए जाने के कारण आत्महत्या करने का मामला जैसलमेर महिला पुलिस थाना में दर्ज करवाया गया है। मृतका के चाचा नारायणसिंह निवासी रिदवा ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर सहित कुल 6 जनों के खिलाफ भादसं. की धारा 498 ए, 304 बी के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपअधीक्षक प्रियंका कुमावत को सौंपी गई है। रिपोर्ट में नारायणसिंह ने बताया कि उसकी भतीजी केसर कंवर उर्फ सीमा पुत्री अमरसिंह निवासी रिदवा का विवाह गत वर्ष 12 जून को विजयसिंह पुत्र दौलतसिंह निवासी टेकरा, तह फलोदी, जिला जोधपुर हाल निवासी देचु के साथ रिदवा में सम्पन्न हुआ। उसने बताया कि विजयसिंह थलसेना में कार्यरत है। विवाह में मृतका के पिता ने स्त्री धन के रूप में 40 तोला सोना और 2 किलो चांदी के जेवरात सहित अन्य घरेलू सामान व टीके में 5 लाख रुपए नगद भी दिए। इसके बावजूद जब केसर कंवर पहली बार अपने ससुराल गई तो उसके पति विजयसिंह, ससुर दौलतसिंह, सास समू कंवर, जेठ आसुसिंह, उसकी पत्नी आदि ने दहेज में 10 लाख रुपए और लाने को कहा। केसर कंवर ने अपने पीहर पक्ष को दहेज की मांग के बारे में बताया तब गांव के मौजीज लोगों ने समझाइश की। जिसके बाद उसके ससुराल पक्ष ने कहा कि दहेज तो देना पड़ेगा, हम कुछ समय की मोहलत दे देते हैं। नारायाणसिंह ने बताया कि कुछ समय तक सब ठीक ठाक चलता रहा, लेकिन एक माह पूर्व आरोपियों ने उसकी भतीजी के साथ मारपीट की ओर कमरे में बंद कर दिया व जान से मारनेे की धमकी दी और आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किया। हाल में केसर कंवर रिदवा आई हुई थी। आरोप है कि तब 3 अप्रेल को उसके ससुराल वालों ने फिर से उसे मोबाइल पर जान से मारने की धमकियां दी। जिसके बाद केसर कंवर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में विजय सिंह, दौलतसिंह, समू कंवर, आसु सिंह और उसकी पत्नी व अर्जुनसिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Published on:
06 Apr 2024 09:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
