जैसलमेर/पोकरण. कस्बे के शक्तिस्थल में राजस्थान पत्रिका की ओर से आरके उच्च माध्यमिक विद्यालय के सहयोग से हरियाळो राजस्थान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री पोकरण विधायक सालेह मोहम्मद, पंचायत समिति सांकड़ा के प्रधान वहीदुल्ला मेहर, उपप्रधान इन्द्रसिंह जोधा, तहसीलदार रामसिंह जोधा, विकास अधिकारी नारायण सुथार, विद्यालय के निदेशक उगमसिंह राठौड़ के आतिथ्य में आयोजित समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में नीम, शीशम, पीपल, गुलमोहर, खारी बादाम, काला सरेस के 50 पौधे लगाए गए और विद्यालय प्रशासन की ओर से उनके संरक्षण की जिम्मेवारी ली गई। इस मौके पर ज्योतिष पुरोहित, जगदीशसिंह राजपुरोहित, महेश पुरोहित, आरबखां मेहर, हाथीसिंह एकां सहित उपस्थित लोगों, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने अपने हाथों से पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
सात वर्ष पूर्व लगाए गए पौधे देख प्रसन्न हुए मंत्री
राजस्थान पत्रिका के हरियाळो राजस्थान कार्यक्रम के तहत सात वर्ष पूर्व तत्कालीन विधायक के रूप में अल्पसंख्यक मामलात विभाग मंत्री सालेह मोहम्मद की ओर से शक्तिस्थल परिसर में पौधे लगाए गए थे। ये पौधे अब पेड़ का रूप ले चुके है। मंत्री ने शक्तिस्थल परिसर का भ्रमण कर अपने हाथों से लगाए गए पौधों को पेड़ के रूप में विकसित देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा पौधों के संरक्षण के लिए विद्यालय परिवार का आभार जताया।
पत्रिका के कार्यक्रम सराहनीय
इस मौके पर विद्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि राजस्थान पत्रिका सामाजिक सरोकारों के तहत अमृतं जलम्, हरियाळो राजस्थान सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन करता है, जो सराहनीय है। विशेष रूप से जल संरक्षण को लेकर अमृतं जलम् व पर्यावरण संरक्षण के लिए हरियाळो राजस्थान के माध्यम से आमजन को जागरुक किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से पत्रिका के इन अभियानों से प्रेरणा लेकर आगे आने और अन्य लोगों को भी जागरुक करने की बात कही। उन्होंने मानसून के मौसम में अधिकाधिक संख्या में पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। विद्यालय के निदेशक उगमसिंह राठौड़ ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।