
पोकरण कस्बे के रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर तोलाबेरा नदी पर 2 वर्ष पूर्व बनाया गया अधूरा पुलिया फिर से बिखेर कर नए सिरे से बनाने का कार्य शुरू किया गया है। गौरतलब है कि तोलाबेरा नदी कस्बे की सबसे बड़ी नदी है। बारिश के दौरान उत्तर दिशा में पहाड़ी से पानी इसी नदी के रूप में आगे बढ़ता है। कस्बे के विभिन्न गली मोहल्लों एवं जैसलमेर रोड से भी पानी इसी नदी के माध्यम से आगे बढ़ते हुए जोधपुर रोड के उत्तर दिशा में स्थित रिण में जाता है। यह नदी रेलवे स्टेशन रोड पर डिस्कॉम कार्यालय के पास तेज बहाव के साथ चलती है। कई बार ज्यादा बारिश होने पर नदी का पानी सडक़ के ऊपर से बहने लगता है और कस्बे व रेलवे स्टेशन का संपर्क भी कट जाता है।
इस नदी पर वर्षों पूर्व पुलिए का निर्माण किया गया था, लेकिन उसमें लगे पाइप छोटे होने के कारण पानी की उचित निकासी नहीं हो पाती थी और नदी के चलने पर पानी सडक़ के ऊपर से बहने लगता था। इसी को लेकर 2 वर्ष पूर्व फरवरी 2023 में यहां पुलिए का निर्माण कार्य शुरू किया गया। इस दौरान 23 लाख की लागत से पुलिए का निर्माण कर दिया गया, लेकिन सडक़ का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। ऐसे में धीरे-धीरे पुलिया क्षतिग्रस्त होने लगा।
कस्बे व आसपास क्षेत्र में 2024 में तेज बारिश का दौर चला। इस दौरान तोलाबेरा नदी के तेज बहाव के साथ चलने के कारण पुलिए का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसी प्रकार तेज बहाव के कारण सडक़ के ऊपर से पानी बहने लगा, जो डिस्कॉम के जीएसएस में घुस गया, जिससे कस्बे की विद्युत व्यवस्था भी बाधित हुई।
करीब 2 वर्ष पूर्व 23 लाख रुपए की लागत से पुलिया निर्माण के दौरान कार्य अधूरा छोड़ देने और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखने के कारण एक वर्ष में ही क्षतिग्रस्त हो गया। अब सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से नए सिरे से पुलिए का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसमें पुलिए को ध्वस्त कर हटाया जाएगा। इसके बाद नीचे पाइप की जगह सीमेंट के ब्लॉक लगाए जाएंगे, ताकि पानी की सही निकासी हो सके। ऊपर पुलिए व सडक़ का निर्माण किया जाएगा।
अधूरे पुलिए निर्माण, आमजन को हो रही परेशानी और क्षतिग्रस्त पुलिए को लेकर राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से मुद्दा उठाया। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से नए सिरे से पुलिए का निर्माण की कवायद की जा रही है।
Updated on:
23 Jun 2025 08:00 pm
Published on:
23 Jun 2025 11:58 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
