
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री और जोधपुर-पोकरण सांसद गजेंद्रसिंह शेखावत ने कहा कि पोकरण उनके दिल के बेहद करीब है। यहां की जनता ने जो प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद दिया, वह आजीवन नहीं भूलेंगे और अंतिम सांस तक सेवा करते रहेंगे। वे शनिवार रात गांधी चौक पर आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। पोकरण-रामदेवरा ब्रॉडगेज रेलवे लाइन की स्वीकृति के बाद पहली बार पोकरण आगमन पर जनसमुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह में शेखावत ने कहा कि रेलवे स्टेशन का विकास पोकरण की पहचान और सम्मान से जुड़ा विषय था। वर्ष 2018 में उन्होंने तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल से भेंट कर सर्वे का आदेश करवाया। रेल मंत्रालय पहले इस योजना को तैयार नहीं था, लेकिन दो बार सर्वे करवाकर अंतत: योजना को स्वीकृति दिलाई गई।.उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में जब रेलवे ने जमीन की मांग की, तब राज्य की कांग्रेस सरकार ने नोटिस निकालकर जमीन देने से इनकार कर दिया। इसके कारण योजना में देरी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर झूठ फैलाए और जनता को गुमराह किया।
शेखावत ने चुटकी लेते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में जब उन्होंने वैभव गहलोत को हराया, तो उनके विरुद्ध 542 मुकदमे दर्ज कर जेल भेजने की कोशिश की गई। सरकार ने 42 करोड़ रुपए वकीलों पर खर्च कर दिए।
विकास की नई पहचान बनेगा पोकरण स्टेशन
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इसी दिशा में देशभर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रामदेवरा और फलोदी को अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण में शामिल किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दूसरे चरण की शुरुआत में ही पोकरण स्टेशन को शामिल किया जाएगा और उसे विश्वस्तरीय बनाया जाएगा।
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को देश का विकास नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक रोजगार चाहिए, जो अगले 20 वर्षों तक नहीं मिलने वाला। पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, उन्हें धरातल पर उतारती है। उन्होंने जनता से धैर्य रखने की अपील की और कहा कि सभी कार्य समयबद्ध पूरे होंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं पर कहा कि सबका सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी तुलना आम नेताओं से न करें। वे राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, सांगसिंह भाटी, प्रधान भगवतसिंह तंवर, पूर्व जिलाध्यक्ष जुगलकिशोर व्यास सहित कई नेताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र माली ने किया और आभार भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत मेघवाल ने जताया।
समारोह की शुरुआत पंडितों के स्वस्तिवाचन से हुई। मंच पर जिला उपाध्यक्ष जसवंतसिंह रावलोत, नारायणसिंह तंवर, मंत्री मदनसिंह राजमथाई, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने 21 किलो की माला और साफा, मालाएं पहनाकर मंत्री व अतिथियों का स्वागत व सम्मान किया।
Published on:
20 Apr 2025 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
