
बजरंग दल पर प्रतिबंध के मसले पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ने दिखाए तीखे तेवर
जैसलमेर. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि राजस्थान में मौजूदा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तुष्टीकरण चरम पर पहुंच गया है। हमारे त्योहारों और कार्यक्रमों के आयोजन पर नकारात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। बजरंग दल जैसे राष्ट्रवादी संगठन पर प्रतिबंध लगाने की बात कर्नाटक में कांगे्रस ने की है जबकि पीएफआइ जैसे संगठन का साथ लिया जा रहा है। बजरंग दल क्या तालिबान है, जो इस पर प्रतिबंध लगाया जाएगा? जोशी वंदे सरहद कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद शुक्रवार सुबह जैसलमेर के ट्रांसपोर्ट चौराहा पर नवनिर्मित भाजपा कार्यालय का अवलोकन करने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जोशी ने केंद्र की मोदी सरकार की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि 9 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश का इतना विकास किया है जितना पिछले 60 साल में नहीं हो पाया। देश आज प्रत्येक क्षेत्र में अपूर्व तरक्की कर रहा है चाहे वह ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी, सडक़, स्वास्थ्य सभी में देश नई ऊंचाइयां छू रहा है। देश आज ब्रिटेन को पछाड़ कर पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और आगामी दो-तीन साल में तीसरी पायदान पर आ सकता है।
कांग्रेस को अब राहत याद आ रही
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद राजस्थान की कांग्रेस सरकार को जनता को राहत पहुंचाने की बात याद आ रही है। जबकि राज्य में देश की सबसे महंगी बिजली, पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है। कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनावों के समय जो वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया कि, क्या प्रदेश के किसानों के कर्ज माफ हुए, बेरोजगारों को मासिक भत्ता मिला या राज्य में सुशासन दिया गया? कांग्रेस के अपने मंत्री व विधायक कह रहे हैं कि इस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने भी बजरंग दल के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा और कहा कि यह प्रमुख राष्ट्रवादी संगठन है। वह स्वयं इसके सिपाही हैं।
Published on:
26 May 2023 08:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
