
पोकरण. धरने पर बैठे कार्यकर्ता। पत्रिका
पोकरण. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूचियों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सुपुर्द कर मतदाता सूचियों में हो रही अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। शुक्रवार को भी जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव गोपाल रंगा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकड़ा के प्रभारी भोमसिंह भणियाणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने व्यास सर्किल से उपखंड अधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की।
यहां उन्होंने उपखंड अधिकारी को जिला कलक्टर के नाम एक ज्ञापन देकर बताया कि नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर वोट शिफ्टिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिना उचित सत्यापन के मतदाताओं के नाम एक से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किए जाने से निष्पक्ष व स्वतंत्र निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी सत्यापन और उचित निवास व दस्तावेजों के बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम स्थानांतरित किए गए है। उन्होंने बड़े पैमाने पर किए गए वोट शिफ्टिंग के आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर सत्यापन करवाने, संदिग्ध व अयोग्य आवेदनों की नियमानुसार जांच करवाने, वोट स्थानांतरण पर रोक लगाने, भौतिक सत्यापन के बाद ही आवेदनों को स्वीकार करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन देने के साथ 21 अगस्त तक नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में आवेदन प्रपत्र संख्या 3 व 5 के कितने आवेदन प्राप्त हुए है, उसकी वार्डवार सूची उपलब्ध करवाने की मांग की। इस मांग को लेकर कार्यकर्ता धरना पर बैठ गए। उन्होंने बताया कि जब तक सूची उन्हें उपलब्ध नहीं करवाई जाती है तब तक उनका धरना जारी रहेगा। शाम तक भी उनका धरना जारी था।
पोकरण. क्षेत्र के सांकड़ा से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पोकरण आकर तहसीलदार को एक ज्ञापन सुपुर्द किया और बैंक की ओर से दिए गए वसूली नोटिस को वापिस लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में बताया कि सांकड़ा गांव में स्थित राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से 2023 में किसानों को राशि दिए बिना ऋण स्वीकृत कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शाखा प्रबंधक ने कथित रूप से रुपए हड़प लिए थे। जिसकी जांच चल रही है। अब यहां कार्यरत शाखा प्रबंधक की ओर से किसानों को ऋण राशि वसूली के लिए नोटिस जारी किए गए है। साथ ही किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि बैंक की ओर से नोटिस वापिस नहीं लिए जाते है तो 26 अगस्त से बैंक के आगे धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Updated on:
21 Aug 2026 09:01 pm
Published on:
21 Aug 2026 09:01 pm
