
पोकरण. रोडवेज की ओर से लगाई जाएगी बसें।
पोकरण ( जैसलमेर ). लोकदेवता बाबा रामदेव की समाधि स्थल रामदेवरा में 13 सितंबर से शुरू होने वाले अंतरप्रांतीय भादवा मेले को लेकर परिवहन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देशभर से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से विशेष बस संचालन की योजना बनाई गई है। मेले से पहले 55 से अधिक रोडवेज बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी।
भादवा मेले में प्रतिवर्ष देश के कोने-कोने से 40 से 50 लाख श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी कड़ी में रोडवेज ने भी यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए अतिरिक्त बस संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। रोडवेज जैसलमेर आगार की ओर से मेले से पूर्व बस सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। पहले चरण में 55 बसों का संचालन किया जाएगा। मेले की प्रशासनिक व्यवस्थाएं 29 अगस्त से शुरू होंगी, इससे पहले ही रोडवेज की बसें श्रद्धालुओं की सेवा में उपलब्ध हो जाएंगी।अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की संख्या बढ़ने और मांग के आधार पर अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी। इससे मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
रोडवेज की विशेष बसें जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, जालोर और सांचौर सहित प्रमुख शहरों से संचालित की जाएंगी। इन बस सेवाओं से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को रामदेवरा तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। विशेष बस संचालन का लाभ स्थानीय यात्रियों को भी मिलेगा। मेले के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त परिवहन विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
रामदेवरा भादवा मेला धार्मिक आस्था के साथ देशभर के श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी वाला आयोजन है। ऐसे में परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। रोडवेज की ओर से समय पर बस सेवाएं शुरू करने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
रामदेवरा भादवा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रोडवेज की ओर से विशेष बस संचालन किया जाएगा। पहले चरण में 15 अगस्त बाद 55 बसें लगाई जाएंगी। यात्रीभार बढ़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
- रईसदीन मेहर, बीट प्रभारी, रोडवेज जैसलमेर आगार, पोकरण
Updated on:
03 Aug 2026 09:01 pm
Published on:
03 Aug 2026 09:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
