
जैसलमेर. रविवार शाम को हुई बारिश का नजारा।
जैसलमेर. सीमावर्ती जिले के अधिकांश हिस्सों में रविवार को आकाश में बादलों की आवाजाही का दौर चला। पोकरण, रामदेवरा और रामगढ़ में जहां तेज गति की बारिश से सडक़ों व गलियों में पानी बह निकला वहीं जैसलमेर शहर में दोपहर को कुछ देर के लिए बूंदाबांदी से ही संतोष करना पड़ गया। स्वर्णनगरी में रविवार को लगभग पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, जिससे अच्छी बारिश होने की संभावना के चलते लोग बार-बार आकाश की तरफ टकटकी लगाने को विवश हो गए। हालांकि उनके अरमान पूरे नहीं हो सके।
मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 34.1 व न्यूनतम 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। उत्तर-पश्चिम दिशा से 6-7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली और हवा में नमी लगभग 80 प्रतिशत तक रही, जिससे खुले स्थानों पर मौसम के खुशगवार होने का अहसास हुआ, दूसरी तरफ घरों व प्रतिष्ठानों आदि बंद स्थानों पर उमस ने आमजन को पसीने में भिगोने में कसर नहीं छोड़ी। बहरहाल, सावन के पहले सोमवार को भी जिले में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
रामदेवरा. भीषण गर्मी-उमस से जूझ रहे रामदेवरा क्षेत्र को रविवार दोपहर झमाझम बारिश से बड़ी राहत मिली। बारिश से मौसम का मिजाज बदला, तापमान गिरा और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे क्षेत्र सुहावना हो गया। सुबह से तेज धूप व उमस थी। दोपहर बाद अचानक काले बादल छाए और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही लोगों के चेहरे खिल उठे, बच्चों-युवाओं ने भीगकर आनंद लिया। सड़कें व गलियां भीग गईं, खेतों में पानी भरने से किसानों में खुशी दिखी। किसान सुखराम बिश्नोई ने बताया कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक होगी, बुवाई-बढ़वार को फायदा मिलेगा। कुछ स्थानों पर जलभराव हुआ, पर इसे गर्मी से मिली राहत के रूप में देखा गया।
रामगढ़. लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस से परेशान रामगढ़ कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रविवार को बड़ी राहत मिली। झमाझम बारिश शुरू होते ही मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वर्षा से आमजन ने राहत की सांस ली, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी साफ नजर आई। अच्छी वर्षा होने से खरीफ फसलों की बुवाई और बढ़वार के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। खेतों में नमी बढ़ने से किसानों को सिंचाई की चिंता भी कम हुई है। बारिश के दौरान बच्चों और युवाओं ने भी भीगकर मौसम का आनंद लिया। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जिसे लोगों ने राहत की बारिश बताया।
Updated on:
02 Aug 2026 08:43 pm
Published on:
02 Aug 2026 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
