2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer: इस सीजन से बड़ी आस -बीस लाख से पार होगा मेहमानों का आंकड़ा

स्वर्णनगरी का पर्यटन उद्योग इस बार नए रिकॉर्ड की उम्मीदों के साथ सीजन में प्रवेश करने जा रहा है। होटल, रिसॉर्ट और ट्रैवल कारोबारियों को अनुमान है कि अनुकूल परिस्थितियों में पर्यटकों की संख्या पहली बार 20 लाख के पार पहुंच सकती है। 15 अगस्त के बाद शुरू होने वाले पर्यटन सीजन में सोशल मीडिया, डेस्टिनेशन वेडिंग और फिल्म शूटिंग से नई रौनक आने की उम्मीद है।
2 min read
Google source verification
jaisalmer tour photo

जैसलमेर में इस साल रिकॉर्ड संख्या में सैलानियों के आगमन की उम्मीद। फाइल

जैसलमेर। सीमांत जैसलमेर जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पर्यटन उद्योग को इस बार रिकॉर्ड सीजन की उम्मीद है। पर्यटन कारोबार से जुड़े होटल संचालकों, रिसॉर्ट संचालकों, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि यदि मौसम और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो इस पर्यटन सीजन में जैसलमेर आने वाले पर्यटकों का आंकड़ा पहली बार 20 लाख के पार पहुंच सकता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी 15 अगस्त के बाद पर्यटन सीजन की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। इसके साथ ही शहर से लेकर सम और खुहड़ी के रेतीले धोरों तक पर्यटन गतिविधियां रफ्तार पकडऩे लगेंगी। सोशल मीडिया, फिल्म शूटिंग, डेस्टिनेशन वेडिंग और प्री-वेडिंग शूट ने स्वर्णनगरी, सम और अन्य पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाई है। यही कारण है कि इस बार पहले से अधिक पर्यटकों के आने की संभावना जताई जा रही है।

सम-खुहड़ी में तेजी से बढ़ रहा निवेश

पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए सम और खुहड़ी क्षेत्र में करोड़ों रुपए का निवेश किया जा रहा है। विशेषकर सम सेंड ड्यून्स मार्ग पर मूलसागर, दामोदरा से लेकर कनोई तक नए लग्जरी रिसॉर्ट, डेजर्ट कैंप, कैफे और एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं। कई पुराने रिसॉर्ट भी अपने कमरों, सुविधाओं और आधुनिक सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं। इसके अलावा लोक संस्कृति, ऊंट सफारी, सांस्कृतिक संध्या और रेगिस्तानी अनुभव को और आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।

15 अगस्त के बाद बढऩे लगती है रौनक

हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के बाद जैसलमेर में पर्यटकों की आवाजाही धीरे-धीरे बढऩे लगती है। इस अवधि में विदेशी सैलानियों का आगमन भी जोर पकड़ जाता है, जबकि अक्टूबर से फरवरी तक पर्यटन अपने चरम पर रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए होटल, गेस्ट हाउस, टैक्सी संचालक, गाइड, हस्तशिल्प व्यवसायी और लोक कलाकार अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। कई होटलों और रिसोट्र्स में तो ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है और आगामी महीनों के लिए पूछताछ भी बढऩे लगी है। पर्यटन सीजन की सफलता का सीधा असर जिले की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, ऊंट सफारी, लोक कलाकार, फोटोग्राफर, रेस्तरां, टैक्सी और छोटे व्यापारियों सहित हजारों लोगों की आजीविका पर्यटन पर निर्भर है।

एक्सपर्ट व्यू -उत्साह का वातावरण, नए कीर्तिमान की उम्मीद

इस बार रिकॉर्ड पर्यटकों के आने की उम्मीद से कारोबारियों में खासा उत्साह है। बेहतर हवाई सेवाएं, सडक़ संपर्क और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण से भी पर्यटकों का अनुभव बेहतर होने की संभावना है। जैसलमेर में इस पर्यटन सीजन में न केवल पर्यटकों की संख्या का नया कीर्तिमान बन सकता है, बल्कि पर्यटन कारोबार के लिहाज से भी अब तक का सबसे सफल सीजन साबित हो सकता है।

- पुष्पेंद्र व्यास, रिसोर्ट व्यवसायी, सम

फैक्ट फाइल -

-2000 करोड़ का पर्यटन सालाना करोबार

-1990 के दशक से जैसलमेर में बढ़ा पर्यटन

-50 हजार लोगों को मिलता है प्रत्यक्ष परोक्ष रोजगार