
Shiva Jalabhishek
पोकरण. कस्बे के साधोलाई तालाब स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को रुद्राभिषेक व सहस्त्रघट का आयोजन किया गया, जिसमें 21 वेदपाठी पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को दोपहर 12 बजे मुख्य आचार्य पंडित पुरुषोतम छंगाणी के सानिध्य में यजमान विष्णु थानवी ने भगवान शिव, पार्वती, कार्तिके, गणेश व नंदिश्वर की पूजा-अर्चना की तथा दोपहर दो बजे बाद रुद्राभिषेक किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया सहस्त्रघट
विश्व कल्याण, सुख, समृद्धि व आपसी सद्भाव की मजबूती की कामना को लेकर महादेव मंदिर में सहस्त्रघट का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत मुख्य आचार्य छंगाणी के सानिध्य में कस्बे के 21 वेदपाठी पंडितों की ओर से यजुर्वेद के मंत्रों के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया गया। दूसरी तरफ यहां आए श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर 1008 घड़े जल चढाकर जलाभिषेक किया। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा तथा शाम सात बजे आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
यहां भी रुद्राभिषेक व सहस्त्रघट
कस्बे के सेवगों की बगेची स्थित पीपलाद मैया मंदिर में निर्मित भूवनेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को सहस्त्रघट व रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे आचार्य पंडित अजय व्यास के सानिध्य में मुख्य यजमान भीखमचंद शर्मा ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद कस्बे के 21 वेदपाठी पंडितों की ओर से रुद्राभिषेक का पाठ किया गया। इस दौरान यहां आए श्रद्धालुओं की ओर से 1008 घड़े शिवलिंग पर जल चढाकर अभिषेक किया गया।
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
