पोकरण. कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में करीब 2 माह के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को दोपहर तेज झमाझम बारिश हुई। करीब आधे घंटे तक तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर चला। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। जुलाई माह में हुई बारिश के बाद अगस्त व सितंबर महीना सूखा बीत रहा था। एक बार भी बारिश नहीं होने से लोग मायूस नजर आ रहे थे। साथ ही भीषण गर्मी का दौर चल रहा था। गत दो दिनों से बदले मौसम के बाद क्षेत्र में कई जगहों पर हल्की बारिश व बूंदाबांदी हो रही थी। बुधवार को सुबह से ही भीषण गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ था। तापमान में बढ़ोतरी के कारण दोपहर के समय आमजन का बेहाल हो रहा था। करीब 1 बजे बाद आसमान में बादलों की आवाजाही का दौर शुरू हुआ। करीब 2 बजे बूंदाबांदी और सवा 2 बजे अचानक तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ।