4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

धन बरसने की आस में बाजार हुए गुलजार, बाजार में बरसेगा धन

-जैसलमेर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में धनतेरस से पूर्व उत्साह का माहौल  

4 min read
Google source verification
धन बरसने की आस में बाजार हुए गुलजार, बाजार में बरसेगा धन

धन बरसने की आस में बाजार हुए गुलजार, बाजार में बरसेगा धन

जैसलमेर में धनतेरस से एक दिन पूर्व सुखद नजारा देखने को मिला। बाजार इन दिनों गुलजार है, चहुंओर रौनक है और जमकर धन बरसने की उम्मीदें परवान चढ़ चुकी है। धनतेरस से पूर्व शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में रौनक ने दुकानदारों के चेहरे खिला दिए हैं। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में सजावट कर ग्राहकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जैसलमेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में धनतेरस से एक दिन पहले ही रौनक शुरू हो गई। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार कोई कसर नहीं रख रहे। आशियानों को सजाने व संवारने के लिए शुभकामना संदेश व मांडणों के स्टीकर भी बाजार में सजने शुरू हो गए हैं। पोकरण. क्षेत्र में शुक्रवार से शुरू होने वाले दीपावली के पांच दिवसीय त्यौहार को लेकर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर चल रही है। लोग अपने घरों की सफाई, रंगाई, पुताई कर आकर्षक रूप से सजावट में लगे हुए है। इसके अलावा दुकानदार अपनी दुकानों में विक्रय के लिए नई-नई सामग्री सजाकर ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने में लगे हुए है। कस्बे के सदर बाजार, फोर्ट रोड व व्यास सर्किल सहित मुख्य बाजारों में फर्नीचर, इलेक्ट्रोनिक सामान, सोने, चांदी, बर्तन, दुपहिया वाहन आदि की दुकानें सजने लगी है और जयनारायण व्यास सर्किल व राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित होटलों पर भी आकर्षक रोशनी कर उन्हें सजाया गया है। दुकानदार व कंपनियां आकर्षक इनामी योजना चलाकर अपने उत्पाद को बेचने का प्रयास कर रही है।नगरपालिका करवा रही सफाई

कस्बे में दीपावली के त्यौहार को देखते हुए नगरपालिका की ओर से रोड लाइटों को दुरस्त कर रोशनी व्यवस्था को सुधारने का कार्य किया गया है। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रामस्वरूप गुचिया ने बताया कि कस्बे के मुख्य चौराहे जयनारायण व्यास सर्किल, रेलवे स्टेशन, गांधी चौक, स्टेशन रोड, बस स्टैंड पर लगी हाइमास्ट लाइटों को ठीक करवाकर रोशनी व्यवस्था को सुचारु किया गया। इसके अलावा कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में सफाई व्यवस्था को भी अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए गए है। इसी प्रकार कस्बे में टूटी सड़कों में रेत डालकर गड्ढ़े भरवाए गए है।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक चौबंद

पुलिस की ओर से दीपावली के त्यौहार को देखते हुए गश्त बढ़ाई गई है। थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि दीपावली के त्यौहार पर पूरी तरह से कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रयास किए जा रहे है। भीड़ भाड़ भरे क्षेत्रों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे है। इस बार विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता भी है। ऐसे में अतिरिक्त पुलिसकर्मी, आरएसी के जवान व होमगार्ड तैनात किए गए है। इसके अलावा पुलिसकर्मी राउण्ड-द-क्लॉक अलग-अलग जगहों पर गश्त कर रहे है। उन्होंने बताया कि कस्बे के भीड़ भाड़ भरे स्थलों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारु करने का कार्य किया जा रहा है।

बिक रहे है मिट्टी के दीपक, प्रतिमाएं व खिलौने

कस्बे में स्थानीय कुंभकार समाज की ओर से लाल मिट्टी से दीपक, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती व अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाएं और मिट्टी के गुल्लक व खिलौने बनाए जाते है। कस्बे में आज भी मिट्टी के दीपक व आकर्षक प्रतिमाओं व अन्य सामान की मांग के चलते कुम्हार समाज के लोग हाथ ठेलों पर इन वस्तुओं को भी सजाकर घूम-घूमकर बेचने का कार्य करते है। कुंभकार हस्तकला विकास समिति के प्रभारी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि कस्बे के मुख्य बाजारों, मुख्य मार्गों पर हाथ ठेलों पर सजे इस तरह के मिट्टी से हस्तनिर्मित दीपक, प्रतिमाएं व खिलौने भी स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हुए है और लोग इनकी जमकर खरीदारी कर रहे है। जिससे रोजगार मिल रहा है।

बिक्री के लिए बाजार हुए गुलजार

कस्बे में इस बार दीपावली पर्व के मौके पर सामान की बिक्री को लेकर दुकानदारों की ओर से अपने प्रतिष्ठानों के आगे रंग बिरंगे शामियाने लगाकर दुकानों के आगे तरह-तरह के सामान की भरमार लगा दी है और सोडियम व मर्करी लाइटों की चकाचौंध से ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के जतन किए गए है। कस्बे के गांधी चौक, किला रोड, जयनारायण व्यास सर्किल व अस्पताल मार्ग तक की दुकाने बिक्री के लिए सज-धज कर तैयार है। बाजार में स्टील बर्तन, लकड़ी के फर्नीचर, प्लास्टिक आइटमों, इलेक्ट्रीकल के सामान के अलावा सैंकड़ों आइटमों की बिक्री के लिए दुकानदारों की ओर से अपने प्रतिष्ठानों के आगे सामान सजाकर रखा है।

सोने-चांदी के आभूषणों की भी होगी खूब खरीदारी

दीपावली के मौके पर आम जरुरतों की आवश्यकता के सामान खरीदने के अलावा लोगों की ओर से सोने-चांदी के आभूषण भी विशेष तौर से खरीदे जाएंगे। धनतेरस व दीपावली के दिन को शुभ मानते हुए लोग आगामी महीनों में अपने घरों में होने वाले विवाह या अन्य मांगलिक कार्यों पर उपयोग लेने के लिए सोने-चांदी के आभूषणों को दीपावली के दिन खरीदकर रख लेते है। कस्बे में सोने-चांदी के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को सजाकर रख दिए है। इसके अलावा कस्बे में निवास कर रहे बाहरी क्षेत्र के नौकरी पेशे वाले लोगों की भी सोने चांदी के आभूषण खरीदने में ज्यादा रुचि देखी गई है।

वाहनों की खरीद में भी रुचि

दीपावली पर्व पर वाहनों की बिक्री अधिक रहने की संभावनाएं है। गत कुछ वर्षों में पोकरण कस्बे में महिलाओं, बालिकाओं व युवतियों के साथ घरेलू कार्य के लिए स्कूटी का प्रचलन बढ़ गया है। इसको देखते हुए वाहन शो-रूमों के बाहर बिक्री के लिए रखी स्कूटियों की संख्या अधिक देखी गई है। इसी प्रकार अलग-अलग तरह की मोटरसाइकिलों के साथ कार, एसयूवी की खरीदारी को लेकर भी उत्साह देखा जा रहा है।