16 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: सधे हुए कदमों के साथ किया पथ संचलन

- मार्ग के दोनों तरफ लोगों ने की पुष्पवर्षा- जय श्रीराम और वंदेमातरम के लगे नारे

2 min read
Google source verification
Video: सधे हुए कदमों के साथ किया पथ संचलन

Video: सधे हुए कदमों के साथ किया पथ संचलन

जैसलमेर. स्वर्णनगरी जैसलमेर में गुरुवार सायं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से वर्ष प्रतिपदा के उपलक्ष्य में नगर क्षेत्र के स्वयंसेवकों का पथ संचलन पूर्ण अनुशासित अंदाज में निकाला गया। शहर के शहीद पूनमसिंह स्टेडियम से पथ संचलन निकला और हनुमान चौराहा, गांधी चौक, कचहरी मार्ग, सदर बाजार, गोपा चौक, आसनी पथ, मदरसा मार्ग से होते हुए बाहरी क्षेत्र से होते हुए पुन: पूनम स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुआ। पथ संचलन के सबसे आगे भारतमाता की तस्वीर लगा वाहन चल रहा था। साथ-साथ दो-तीन की पंक्तियों में पूर्ण गणवेश में हाथ में दंड लिए स्वयंसेवक चल रहे थे। इस दौरान जहां से भी पथ संचलन निकला, मार्ग के एक या दोनों तरफ लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। कई स्थानों पर उपस्थित जनसमुदाय ने जय श्रीराम, वंदेमातरम तथा भारतमाता की जय का उद्घोष कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। पथ संचलन में शामिल घोष वादकों ने संघ की पद्धति के अनुरूप विभिन्न स्वर लहरियां बिखेरी। पथ संचलन में एक तरफ युवा और प्रौढ़ स्वयंसेवक शामिल थे, वहीं बालकों की संख्या भी अच्छी खासी रही।
भगवा पताकाओं से शहर को सजाया
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से निकाले गए पथ संचलन से पहले शहर के हनुमान चौराहा, गीता आश्रम मार्ग, गांधी चौक, गोपा चौक, पूनम स्टेडियम जाने वाले मार्ग आदि प्रमुख स्थानों पर केसरिया पताकाओं व ओम लिखी झंडियों को सजाया गया था। इसी तरह से प्रमुख सडक़ों पर महिलाओं की तरफ से रंगोलियां भी सजाई गईं। संचलन का स्वागत करने वालों में पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी और डॉ. जितेंद्रसिंह सहित आम दुकानदार व शहरवासी जिनमें महिलाओं की संख्या भी उल्लेखनीय थी, शामिल रहे। रास्ते भर में लोगों ने इस संचलन को मोबाइल कैमरों में कैद किया। अनेक जनों ने सोशल मीडिया पर इस आयोजन को लाइव भी किया। पथ संचलन को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पुलिस की तरफ से अतिरिक्त इंतजाम किए गए। संघ की ओर से कहा गया कि
घोष की ताल पर कदम से कदम मिलाकर स्वयंसेवकों ने समाज की सज्जन शक्ति में विश्वास व समाज में समरसता का भाव निर्माण किया।
तीव्र प्रवाह के साथ आगे बढ़ रहा संघ गंगोत्री का प्रवाह
संघ के जिला प्रचार प्रमुख गिरिराज व्यास ने बताया कि संचलन प्रारंभ होने से पहले पूनम स्टेडियम में एकत्रित स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रांत शारीरिक प्रमुख भगवत दान ने कहा कि संघ का कार्य भारत में नहीं पूरे विश्व में चल रहा है। संघ गंगोत्री को रोकने के लिए बहुत कोशिश हुई लेकिन यह हर बार तीव्र प्रवाह के साथ आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केशवराव बलिराम हेडगेवार ने जो संघ बीज बोया वह आज विशाल वृक्ष बना है। डॉ. हेडगेवार जन्मजात देशभक्त थे। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि मुनि अपने समय के वैज्ञानिक थे। जो वैज्ञानिक आज पृथ्वी की आयु जो बता रहे हैं वह हमारे वेदों में पहले से ही वर्णित है। चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से ही सम्पूर्ण प्रकृति में नवजीवन का संचार होता है। संघ की इस वर्ष की प्रतिनिधि सभा में किए गए आह्वान के बारे में बताते हुए उन्होंने स्वराज, स्वदेशी और स्वधर्म की स्वत्रैयी आधारित जीवन जीने की आवश्यकता को स्पष्ट किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. रघुनाथ प्रसाद गर्ग ने संघ कार्य की आवश्यकता पर बल देते हुए गीता के श्लोक का उद्धरण दिया कि फल की चिंता न करते हम अपने कार्य में लगे रहे, सफलता निश्चित मिलेगी।