राजस्थान दिवस – 2026 के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के तत्वावधान में अखे प्रोल, जैसलमेर दुर्ग परिसर में पाँच दिवसीय ओडीओपी यानी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट प्रदर्शनी एवं मेले का रविवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विधायक छोटूसिंह भाटी और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शिल्पकारों और उद्यमियों से संवाद किया तथा स्थानीय उत्पादों की सराहना की। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित प्रदर्शनी 15 से 19 मार्च तक चलेगी। इसमें जिले के ओडीओपी उत्पाद पीले पत्थर से निर्मित वस्तुओं सहित विभिन्न स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है, जिससे इन उत्पादों को व्यापक पहचान और बाजार उपलब्ध हो सके। प्रदर्शनी में गोमट और थाट के पट्टू, बरड़ी, ऊनी शॉल, साड़ियां, कुर्ते, पोकरण पॉटरी, हैंडीक्राफ्ट, एप्लिक और पैचवर्क सहित अनेक हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक स्टॉल लगाई गई हैं। इन उत्पादों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय कला को नया मंच मिला है। कार्यक्रम के दौरान जैसलमेर भ्रमण पर आए आईएएस बैच 2025 के प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय शिल्प और संस्कृति की सराहना की।