
Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को राजस्थान के भीनमाल (जालोर) में प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Rajasthan rally) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आजकल बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं। कभी गटर से गैस बनाते हैं, कभी बादल में मिसाइल छोड़ते हैं, कभी हवा में उड़ते हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि करना क्या है। इन बातों से आपके जीवन का क्या मतलब है, जो सबसे बड़ी समस्या महंगाई और बेरोजगारी है, उस पर कोई बात नहीं करता।
हिसाब लेने का समय होता है चुनावः प्रियंका
उन्होंने कहा कि चुनाव का समय हिसाब लेने का होता है। राजस्थान में हो सकता है आपको गहलोत सरकार से थोड़ा गिला शिकवा हो, इसलिए आपने सरकार बदल दी। हालांकि इसके बाद क्या हुआ, आपने देखा जो स्कीमें कांग्रेस सरकार ने शुरू की थीं, उसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। कांग्रेस सरकार के समय जनता को 25 लाख की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रहीं थीं, जिसे भाजपा सरकार ने आते ही बंद कर दिया। आज राजस्थान की भाजपा सरकार जनता के हित में काम नहीं कर रही है। अब देश का चुनाव है, इसलिए आपको सोच समझ कर वोट करना होगा। आज चुनाव के वक्त देश में अजीब माहौल बन गया है, जनता के ध्यान के भटकाने वाली बातें हो रही हैं।
'बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़ी समस्या'
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़ी समस्या है। मुझे लगता है कि पीएम मोदी को कुछ हो गया है, वो समझ नहीं पा रहे हैं। इनके अधिकारी पीएम को सच्चाई बताने से डर रहे हैं। ऐसा लगता है कि पीएम मोदी देश की जनता से कट चुके हैं। आज पिछले 45 सालों में महंगाई दर सबसे ज्यादा है और ये मोदी सरकार की देन है। मोदी सरकार को हमेशा ही चुनावों के वक्त सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतें याद आती हैं। आज ऐसे हालात हो चुके हैं कि बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए जमीन बेचनी पड़ रही है। खेती में इस्तेमाल होने वाले सामान महंगे हो चुके हैं। किसान आंदोलन पर प्रियंका गांधी ने कहा कि कड़ाके की ठंड में किसान सड़कों पर बैठ रहे, लेकिन पीएम मोदी ने सुनवाई नहीं की। हालांकि जैसे ही यूपी के चुनाव नजदीक आए, सरकार ने काले कानूनों को वापस ले लिया।
'मोदी सरकार की नीयत ठीक नहीं'
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीयत ठीक नहीं है। इनकी नीतियां बड़े-बड़े अरबपतियों के लिए है। कुछ दिन पहले देश में एक अरबपति के यहां शादी हुई, लेकिन आपने कभी सोचा है कि इतना पैसा कहां से आ रहा है। पीएम मोदी ने 16 हजार करोड़ के इनके कर्ज माफ किए हैं, वहीं जो किसान कर्ज में डूब रहा है, उसके बारे में बात तक नहीं होती। आपको सिर्फ ये दिखाया जाता है कि देश आगे बढ़ रहा है, तरक्की हो रही है, सभी बहुत खुशहाल हैं, लेकिन ये सच्चाई नहीं है। जी20 जैसे कार्यक्रमों से हमें भी गर्व होता है, लेकिन इस देश की एक और सच्चाई यह है कि इस देश का गरीब रोज सुबह-शाम संघर्ष कर रहा है। देश की जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
अग्निवीर योजना को किया जाएगा रद्द
चुनावी भाषण में प्रियंका गांधी ने पेपरलीक और अग्निवीर योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा, ताकि नौजवान सम्मान के साथ नौकरी कर सके। वहीं पेपरलीक को रोकने के लिए कानून लाया जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि परिवार की सबसे बड़ी महिला को हमारी सरकार बनने के बाद एक लाख रुपए सालाना दिए जाएंगे। देशभर की सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। श्रमिकों के लिए कानूनी गारंटी बनाई जाएगी। कम से कम 400 रुपए मजदूरी मिनिमम मिलेगी। शहरी क्षेत्रों के लिए मनरेगा जैसी योजना लाई जाएगी। देश में 30 लाख खाली पदों को भरने का काम हमारी सरकार करेगी। हम 5 हजार करोड़ का फंड बनाएंगे, जो कि नौजवानों के लिए होगा। वहीं स्नातक पास बच्चों को एक लाख रुपए मिलेंगे। उन्होंने सभी सरकारी एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भ्रष्टाचार के बहाने दो-दो मुख्यमंत्री जेल में हैं। मोदी सरकार ने वैक्सीन बनाने वालों से, गुजरात में जो पुल गिरा उस कंपनी से और लॉटरी वालों तक से चंदा लिया है। इससे बड़ा भ्रष्टाचार क्या होगा।
गहलोत ने भी साधा निशाना
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ये हमारी स्कीम्स बंद कर रहे हैं, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम ऐसा नहीं होने देंगे। राजस्थान की भाजपा सरकार कोई काम नहीं कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मोदी सरकार को 3650 दिन दे दिए, लेकिन एक भी काम इन्होंने ढंग से नहीं किए हैं। आपको बता दें कि जालोर-सिरोही से कांग्रेस ने अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने लुंबाराम चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है।
Updated on:
14 Apr 2024 02:58 pm
Published on:
14 Apr 2024 02:42 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
