15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने निकाली ट्रैक्टर रैली, दो किमी तक किया पैदल मार्च

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्र सरकार के तीनों कृषि बिलों के विरोध में एवं किसान आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर केशवना तिराहे से हरिदेव जोशी सर्किल होते हुए कलक्टर कार्यालय तक ट्रैक्टर रैली और दो किमी तक पैदल मार्च निकाला गया

4 min read
Google source verification
किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने निकाली ट्रैक्टर रैली, दो किमी तक किया पैदल मार्च

किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने निकाली ट्रैक्टर रैली

जालोर. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्र सरकार के तीनों कृषि बिलों के विरोध में एवं किसान आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर केशवना तिराहे से हरिदेव जोशी सर्किल होते हुए कलक्टर कार्यालय तक ट्रैक्टर रैली और दो किमी तक पैदल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम समन्वयक वीरेंद्र जोशी ने बताया कि वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम बिश्नोई व जिला प्रभारी भूराराम सीरवी के नेतृत्व में जिले भर से आए सैकड़ों किसानों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली व पैदल मार्च कर जनआंदोलन किया। इसके बाद कलक्ट्रेट के बाहर जनसभा हुई। इस दौरान नया बस स्टैंड व मानपुरा कॉलोनी सहित अन्य जगहों पर शहरवासियों ने किसानों पर पुष्प वर्षा की। कलक्ट्रेट के बाहर जनसभा को संबिधित करते हुए वन व पर्यावरण मंत्री बिश्नोई ने कहा कि किसानों के विरोध में लाए गए इन तीनों बिलों से किसानों की कमर टूट जाएगी। आने वाले समय में किसान असहाय व मजबूर हो जाएगा। जब तक केंद्र सरकार यह बिल वापस नहीं लेती, तब तक कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी थी, खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी। जिला प्रभारी सीरवी ने कहा कि केंद्र सरकार के तीनों कृषि बिलों के विरोध में देशभर में किसान धरने पर बैठे हैं। मोदी सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार तक नहीं है और बार-बार असफल वार्ता कर किसानों के साथ धोखा कर रही है। लोकसभा प्रत्याशी रतन देवासी ने बताया कि भाजपा समर्थित किसान मोर्चा आज कहीं भी किसानों के साथ खड़ा दिखाई नहीं दे रहा है। ये लोग कहते कुछ हैं और करते कुछ नहीं है। आज किसान उनकी भाषा समझ चुके हैं। इस किसान जनआंदोलन को पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष नैनसिंह राजपुरोहित, मंजू मेघवाल, सवाराम पटेल, ऊमसिंह चांदराई व किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैतानसिंह धनानी ने भी संबोधित किया। किसान रैली में किसानों ने हाथों में तख्तियां व झंडे लेकर केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पैदल व ट्रैक्टर मार्च कर विरोध दर्ज किया। इस मौके नगर अध्यक्ष जुल्फीकार अली भुट्टो, ब्लॉक अध्यक्ष जवानाराम परिहार, पूर्व प्रधान भंवरलाल मेघवाल, शमशेर अली, श्रवणसिंह दासपां, हीरालाल बोहरा, सोहनसिंह देवड़ा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शोभा सुंदेशा, रमीला मेघवाल, ममता जैन, रमेश सोलंकी, आमसिंह परिहार, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत दवे, सुरेन्द्र दवे, पार्षद मिश्रीमल गहलोत, लक्ष्मणसिंह सांखला, अब्दुल रज्जाक, बसंत सुथार, समेत कई जने मौजूद रहे।
ट्रैक्टर पर खड़े हो लहराए झंडे
कांग्रेस के पैदल मार्च और ट्रैक्टर रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। कई कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ ट्रैक्टर पर खड़े होकर कृषि कानून का विरोध जताते हुए हवा में झंडे लहरा रहे थे तो कोई सरकार के खिलाफ नारेबाजी करता नजर आया।
सायला से जालोर पहुंचे ट्रैक्टर रैली
सायला. किसानों के समर्थन में कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली व पैदल मार्च को लेकर कस्बे के तहसील कार्यालय के सामने से युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुल्तान खान भाटी, शैतानसिंह धनाणी, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दीपाराम ओटवाला, उप सरपंच प्रकाश मेघवाल, जिला परिषद सदस्य रामाराम चौधरी, गोपाल देवासी, जयदीप सिंह सायला, नपाराम पोषाणा, जोमताराम, खसाराम मेघवाल, जाकिर खान, चेतन, ओबाराम देवासी, व सिराणा सरपंच हमीराराम की मौजूदगी में कार्यकर्ता और किसान ट्रैक्टरों पर रवाना हुए। कांग्रेसजन ने बताया कि देश में भयंकर कोरोना महामारी के बीच सरकार ने देश में किसानों के साथ अत्याचार किया है। राज्य सरकारों ने किसानों की बिना अनुमति से तीन कृषि कानून लाए, जो तीनों किसानों के अधिकारों के साथ कुठाराघात है। तीनों कानूनों के विरोध में सायला तहसील कार्यालय से केशवना व बिशनगढ़ तिराहे होकर कलक्ट्रेट तक टै्रक्टर रैली व पदयात्रा निकालकर विरोध जताया गया। वहीं सता में बैठी सरकार की ओर से किसानों पर थोपे गए काले कानून वापस नहीं लेने पर देश भर में किसानों की ओर से धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।
इधर, आरएलपी ने बताई कांग्रेस की बौखलाहट रैली
जालोर. जिला मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ किसानों की मांग को लेकर निकाली रैली को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रदेश मंत्री प्रताप आंजणा ने किसानों समर्थन में निकाली गई रैली को बौखलाहट रैली बताया है। आंजणा ने बताया कि गत 11 फरवरी को आहोर तहसील मुख्यालय पर आरएलपी के बैनर तले किसानों की ट्रैक्टर रैली निकाली गई थी। जिसमें काफी संख्या में किसानों ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि किसानों में आरएलपी की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर कांग्रेस पार्टी बौखला गई है। प्रदेश में किसान पूरी तरह से परेशान हैं। राज्य सरकार की डीजल-पेट्रोल की दरों में वृद्धि, विद्युत बिलों में मनमानी से रीडिंग और फसल खराब के बावजूद गिरदावरी रिपोर्ट में खराबा दर्ज नहीं करने पर स्थानीय अधिकारियों की मनमानी से किसान वर्ग परेशान है। जिले के विकास में राज्य सरकार आंखें मूंदे बैठी है। स्थानीय नेताओं की एक आने भी नहीं चलने से किसानों में व्यापक रोष है। इसीलिए गांवों से किसान कांग्रेस की रैली में ट्रैक्टर लेकर नहीं पहुंचे। आंजणा ने आरोप लगाया कि स्थानीय नेताओं ने कांग्रेस के आलाकमान को दिखाने के लिए आहोर क्षेत्र में अवैध बजरी खनन में चल रहे ट्रैक्टरों के मालिकों से रैली में ट्रैक्टर मंगवाए हैं।
सांचौर. भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ंने शहर में ट्रैक्टर रैली निकाल कर एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पारित कृषि विधेयक को लेकर किसानों में रोष है। इस बिल से किसानों का अहित होगा। इसको लेकर दिल्ली की सीमाओं पर पिछले तीन माह से ज्यादा समय से किसान आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। किसानों ने ज्ञापन में बताया तीनों कृषि कानून वापस लेने की मांग की। इस मौके यूनियन के जिलाध्यक्ष जगमालाराम सुथार, जिलामंत्री लाडूराम बिश्नोई, फूसेखान, भूपाराम पुरोहित, कालूराम सुथार, गंगाराम पूनीया, ईशराम बिश्नाोई व मकाराम चौधरी सहित कई जने मौजूद थे।