
Madicine in District Hospital
जालोर. अस्थमा पीडि़तों के लिए एक तरह से इमरजेंसी ड्रग में शामिल ईटोफाइलीन इंजेक्शन अस्पतालों में उपलब्ध नहीं है।यहां तक कि जिलेभर के अस्पतालों में इनकी आपूर्ति नहीं हो रही। इससे अस्थमा (दमा) से पीडि़त मरीजों को अस्पताल आने पर भी राहत नहीं मिल रही है।अस्थमा पीडि़तों को तत्काल राहत के लिए ईटोफाइलीन इंजेक्शन लगाना होता है, लेकिन इंजेक्शन मिलने से दमा पीडि़त बेदम हो रहे हैं। आपूर्ति करीब वर्षभर से बंद है, लेकिन अधिकारी इससे बेखबर ही है। जिला औषधि भंडार प्रभारी से लेकर जिला अस्पताल के पीएमओ एवं उप नियंत्रक तक अनभिज्ञता जता रहे हैं। पीएमओ का कहना है कि इजेक्शन पर्याप्त मात्रा में है और दो-तीन पहले ही मैंने एक मरीज को लगाया था। जबकि, स्टोर इंचार्ज बताते हैं कि आपूर्ति नहीं होने से अभी यह इंजेक्शन स्टॉक में नहीं है। इन हालातों में अब मरीजों को अस्पताल में यह इंजेक्शन नहीं मिल रहा है। सच क्या है यह सोच सकते है।
तत्काल लगाना होता है
सर्दी में अस्थमा के मरीज बढऩे लगते हैं। अस्थमा पीडि़तों को सर्दी काफी भारी पड़ती है। तत्काल राहत के लिए ईटोफाइलीन इंजेक्शन लगाना होता है, लेकिन अस्पतालों में नहीं मिल रहा है।
मुश्किल बढ़ाती है भागा दौड़ी
अस्पताल में नहीं मिलने पर इंजेक्शन बाजार से खरीदने के अलावा कोई चारा नहीं रहता। इसके लिए मरीज बदहवास होकर बाजार दौड़ता है। परिजन साथ नहीं हो तो और मुसीबत बढ़ जाती है।
बाजार से खरीद नहीं
यहां तक कि अधिकारी खुद अनभिज्ञ है कि इंजेक्शन उपलब्ध भी है या नहीं। जिला ड्रग वेयर हाउस से ही आपूर्ति नहीं होने का मतलब जिलेभर के अस्पतालों में इस इंजेक्शन का अभाव है। हालांकि स्थानीय स्तर पर भी खरीदी करने का प्रावधान है, लेकिन न तो स्वीकृति ली जा रही है और न ही इंजेक्शन बाजार से खरीदा जा रहा है।
दोनों के अलग-अलग जवाब
दो दिन पहले ही लगाया...
ऐसी बात नहीं है। अस्पताल में इंजेक्शन उपलब्ध है और मैंने ही दो दिन पहले एक मरीज को लगाया था।
-डॉ.एसपी शर्मा, पीएमओ, जिला अस्पताल, जालोर
सालभर से खरीद ही नहीं हुई...
ईटोफाइलीन इंजेक्शन की आपूर्ति नहीं आ रही है। हमने साल भर पहले स्थानीय स्तर पर खरीदे थे। फिर खरीद भी नहीं हुई।
-रामलाल. चौहान, स्टोर प्रभारी, जिला अस्पताल, जालोर
मैं छुट्टी पर हूं...
इन दिनों मैं छुट्टी पर हूं इसलिए इंजेक्शन की आपूर्ति के सम्बंध में अभी मेरे पास कोई जानकारी नहीं है।
- डॉ.एसके चौहान, जिला औषधि भंडार प्रभारी, जालोर
स्टोर में पूछिए...
ईटोफाइलीन इंजेक्शन के बारे में अभी मेरे पास कोई जानकारी नहीं है। आप स्टोर कीपर से पूछ सकते हैं।
-डॉ. रमेश चौहान, डिप्टी कंट्रोलर, जालोर अस्पताल
Updated on:
30 Nov 2017, 12:03 PM IST
Published on:
30 Nov 2017, 12:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.