
- जसवंतपुरा क्षेत्र के राजपुरा सुंधा माता रोड स्थित आश्रम परिसर में संत ने की आत्म हत्या, छावनी में तब्दील हुआ आश्रम परिसर क्षेत्र
जालोर/ जसवंतपुरा. सुंधा माता तलहटी राजपुरा क्षेत्र में संत रविनाथ (60) का शव पेड़ पर झूलता मिला। सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने जमीनी विवाद में भीनमाल विधायक पूराराम पर संत को परेशान करने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया और नारेबाजी की। इधर, मामला बिगड़ता देख मौके पर पुलिस जाब्ता भेजा गया। दिनभर चले विवाद के बाद यह क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। प्रारंभिक स्तर पर सामने आया है कि आश्रम के पास ही भीनमाल विधायक पूराराम के रिश्तेदार की जमीन है। इस जमीन पर विधायक निर्माण कार्य करवाना चाह रहे थे। जिस पर पटवारी की ओर से जमीन की पैमाइश करवाई गई। इधर, संत ने आश्रम के लिए रास्ते के लिए जमीन की मांग की, जिससे विवाद गहरा गया। इधर, शुक्रवार सवेरे संत का पेड़ पर झूलता हुआ शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। वहीं रिपोर्ट पर पुलिस ने शाम को विधायक पूराराम समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया।
विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
कांगे्रस युवा नेता श्रवणसिंह ने कहा कि ग्रामीणों से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार विधायक पूराराम गुरुवार को बाला हनुमान आश्रम पहुंचे। आरोप है कि जब वे यहां आए तो शराब के नशे में थे। जिसके बाद उन्होने संत को अपशब्द बोले। रास्ता जेसीबी से खुदवा कर अवरुद्ध कर दिया। आरोप है कि संत ने विधायक से काफी गुहार लगाई, लेकिन विधायक ने एक नहीं सुनी। संत रविनाथ के सांसारिक भतीज बाबूराम ने भीनमाल विधायक पूराराम चौधरी, उसके ड्राइवर धनसिंह रावणा राजपूत समेत उनके साथ तीन चार अन्य के खिलाफ एफआईआर पेश की।
सुसाइट नोट मिलने की चर्चा
प्रकरण के दौरान मौका स्थल के पास से संत का सुसाइड नोट मिलने की चर्चाएं चली। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया। दूसरी तरफ मौके पर प्रकरण में दिनभर की उठापटख के बाद शाम तक भी मामला नहीं सुलझा। ग्रामीण गिरफ्तारी की मांग पर अड़ रहे। दूसरी तरफ शाम 6 बजे तक भी पेड़ से शव नहीं उतारा जा सका। बातचीत का दौर जारी था।
मौके पर जाब्ता रहा तैनात, समझाइश के प्रयास
घटनाक्रम के बाद जसवंतपुरा थानाधिकारी मनीष सोनी मौके पर पहुंचे। जसवंतपुरा उपखण्ड अधिकारी राजेन्द्रसिंह, भीनमाल उपखण्ड अधिकारी जवाहराराम चौधरी, सांचौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथसिंह, सांचौर उपाधीक्षक रूपसिंह, भीनमाल थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह, करड़ा थानाधिकारी अमरसिंह सहित भीनमाल, जालोर का अतिरिक्त पुलिस जाब्ता घटना स्थल पर मौजूद रहा। उपस्थित जन समूह ने विधायक एवं सम्मलित लोगों को पहले गिरफ्तार करने के लिए अड़े रहे। जसवंतपुरा उपखण्ड अधिकारी राजेन्द्रसिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथसिंह मौजूद ने निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन दिया। साथ ही धरना समाप्त करने की बात कही।
इनका कहना
जमीन को लेकर गुरुवार को संत और विधायक के बीच बातचीत की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट के आधार पर तथा पीएम रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- हर्षवर्धन अग्रवाला, एसपी, जालोर
मेरी खुद की खातेदारी जमीन थी। मैं संतों का सम्मान करता हूं। न्यायालय के आदेश से ही मेरी जमीन पर मैं गया था। राजनीति की जा रही है जो सरासर गलत है। मेरे ऊपर लगाए जा रहे आरोप राजनीति से प्रेरित है।
- पूराराम चौधरी, विधायक, भीनमाल
Updated on:
05 Aug 2022 08:12 pm
Published on:
05 Aug 2022 08:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
