
जिला मुख्यालय स्थित सीनियर सिटीजन्स पार्क में अन्तरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर कार्यक्रम
वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर
जालोर. जिला मुख्यालय स्थित सीनियर सिटीजन्स पार्क में अन्तरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कैप्टन किशोरसिंह बादनवाड़ी और संगीत विशारद मोहनलाल शर्मा का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की धरोहर बताया।
मुख्य वक्ता वरिष्ठपत्रकार श्रीपाल शक्तावत ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को संस्कार देने का उत्तरदायित्व वरिष्ठ नागरिकों पर ही है। उन्होंने सेवानिवृति के बाद का समय लोकसेवा में लगाने का आग्रह किया।
उन्होंने इससे सम्बन्धित कई उदाहरण भी दिए। अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रविन्द्रसिंह बालावत ने जालोर जिले के विकास में बुजुर्गों की सहभागिता की सराहना करते हुए जिले के विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जिलेवासियों को इसके लिए संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जोगेश्वर गर्ग ने जालोर जिले के समग्र विकास के लिए चिंतन, मनन एवं क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में जालोर विकास समिति के सचिव मोहन पाराशर ने सीनियर सिटीजन द्वारा किए ये जा रहे कार्यों की सराहना की। जालोर पेंशनर समाज के जिला अध्यक्ष धनराज दवे ने भी विचार व्यक्त किए। सीनियर सिटीजन के प्रमुख पदाधिकारी बी.एल. सुथार ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नागरिक ईश्वरलाल शर्मा व एडवोकेट देवकीनंदन व्यास ने किया।
वरिष्ठजनों का किया अभिनंदन
समारोह में सीनियर सिटीजन 97 वर्षीय कैप्टन किशोरसिंह बादनवाड़ी, जिन्होनें वर्ष 1942-43 का द्वितीय विश्व युद्व एवं वर्ष 196 2 व 196 5 में भारत के साथ चीन व पाकिस्तान के युद्ध में भाग लिया।
किशोरसिंह व जालोर के संगीत विशारद मोहनलाल शर्मा का उल्लेखनीय कार्यों के लिए अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर संगीतज्ञ मोहनलाल शर्मा एवं तबला वादक त्रिभुवन पुरोहित ने संगीत की स्वर लहरियां बिखेर कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
युवाओंं का भी किया सम्मान
सीनियर सिटीजन्स वाचनालय को पुस्तकें भेंट करने वाले महिपाल सिंह सेरणा एवं राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित शिक्षक गोपालसिंह राजपुरोहित को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। समारोह के अन्त में अतिथियों ने पीपल के पौधे का जल सिंचन कर समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बडी संख्या में जालोर के वरिष्ठ सीनियर सिटीजन मौजूद रहे।
Published on:
02 Oct 2017 11:18 am
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
