
indian army
(पत्रिका ब्यूरो,जम्मू): भारतीय सीमा पर एक बार फिर पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की नाकाम कोशिश की गई। रविवार दोपहर जम्मू के पास सुंदरबनी सेक्टर में घुसपैठ करते दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। हालांकि इस दौरान तीन भारतीय जवान भी शहीद हुए हैं। एक जवान घायल भी हुआ है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना के प्रवक्ता के अनुसार दोपहर करीब दो बजे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सुंदरबनी सेक्टर से पाकिस्तानी घुसपैठियों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो घुसपैठियों को मार गिराया। हालांकि इस दौरान तीन भारतीय जवानों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी। मारे गए घुसपैठियों के पास से दो एके-47 राइफल बरामद की गई हैं।
कुलगाम मुठभेड़ में सेना ने ढेर किए तीन आतंकी
इधर कुलगाम में भी छिपे हुए आतंकियों को ढेर करने में सेना को सफलता हासिल हुई। मिली जानकारी के अनुसार रविवार सवेरे सेना की राष्ट्रीय राइफल्स,जम्मू पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने कुलगाम जिले के लर्रू इलाके में सर्च अभियान चलाया। इसी बीच एक मकान में छुपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। सेना की ओर से की गई जवाबी गोलीबारी में तीन आतंकियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है इस मुठभेड़ में मरने वाले तीनों आतंकी शाहिद उल इस्लाम तांत्रे, याजील मकरू और जुबैर लोन जैश-ए-मुहम्मद नामक आतंकी संगठन से संबंध रखते थे।
Published on:
21 Oct 2018, 7:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.