
खनिज विभाग के अफसरों ने 24 घंटे के भीतर रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करने वाले 24 वाहनों को किया जब्त
जांजगीर-चांपा. खनिज विभाग के अफसरों ने 24 घंटे के भीतर जिले के अवैध रेत घाटों से अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वाले 24 ट्रैक्टर व हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया है। ऐसे वाहनों को जिले के विभिन्न थानों में रखा गया है। जुर्माना पटाने के बाद वाहन मालिकों को उनके सुपुर्द किया जाएगा।
ज्ञात हो पत्रिका ने 29 मई के अंक में 'रेत घाटों का परमिशन मिला नहीं और धड़ल्ले से हो रहा अवैध उत्खननÓ शीर्षक से खबर प्रकाशित किया गया था। खबर को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग के अफसरों ने सारे मैदानी स्तर के कर्मचारियों को अवैध रेत घाटों में शुक्रवार की सुबह 6 बजे से लगा दिया। इन दर्जनों कर्मचारियों ने सुबह से लेकर दोपहर तक ऐसे 24 वाहनों को अपने कब्जे में लिया जिन्होंने बिना रायल्टी पर्ची के रेत घाटों में उत्खनन व परिवहन कर रहे थे।
वाहन चालकों को जिला मुख्यालय स्थित दफ्तर में बुलाया गया और उन्हें जुर्माना ठोका गया। ऐसे वाहनों से अब 5 हजार रुपए से लेकर 20 हजार रुपए तक का जुर्माना वसूल किया जाएगा। ट्रैक्टर वाहनों से 5 से 7 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया जाएगा। वहीं हाइवा से 15 से 20 हजार रुपए तक जुर्माना वसूल किया जाएगा। जिला खनिज अधिकारी एनके सूर ने बताया कि पत्रिका के माध्यम से अवैध रेत घाटों में उत्खनन एवं परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही हमने मैदानी स्तर के कर्मचारियों को अलर्ट किया था। इसके बाद कर्मचारियों ने 24 वाहनों को जब्त किया है। जिले में इस तरह की बड़ी कार्रवाई हुई है।
Published on:
30 May 2020, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.