
छह करोड़ की लागत से भीमा तालाब का कराया जा रहा है सौंदर्यीकरण
जांजगीर-चांपा. जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ फंड में ६ करोड़ की लागत से शहर के ऐतिहासिक भीमा तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है मगर निर्माण कार्य शुरू हुए डेढ़ साल छूने के करीब है मगर अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ठेकेदार द्वारा काम पूरा नहीं कराया जा रहा है। इसको लेकर नपा सीएमओ ने ठेकेदार को नोटिस देकर जल्द से जल्द काम शुरू कराने निर्देशित किया है।
उल्लेखनीय है कि शहर के विष्णु मंदिर के पास स्थित ऐतिहासिक भीमा तालाब के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा तालाब का सौँदर्यीकरण कराया जा रहा है। नगरपालिका जांजगीर-नैला द्वारा यह काम ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। इसमें तालाब पार में पीचिंग, चेक्रर टाइल्स समेत सौंदर्यीकरण का काम हो रहा है।
इसके लिए कलेक्टर द्वारा डीएमएफ फंड से छह करोड़ की राशि जारी की गई है। इस राशि से तालाब का सौँदर्यीकरण कराया जा रहा है। सौंदर्यीकरण का काम नवंबर २०१७ से शुरू हुआ है मगर काम मंथर गति से चल रहा था। लेकिन इसके बाद अचानक ठेकेदार ने निर्माण काम बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा राशि खत्म हो जाने की बात कहते हुए काम नहीं कराया जा पा रहा है। इधर निर्माण कार्य में हो रही देरी के चलते भीमा का सौँदर्यीकरण का काम विलंब होता जा रहा है। इसको लेकर कलेक्टर ने निर्माण कार्य को तेज गति से कराने का निर्देश दिया है जिसके बाद सीएमओ द्वारा ठेकेदार को एक नोटिस जारी कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की बात कही है।
निर्माण कार्य को लेकर जिला प्रशासन की सख्ती
बता दें, निर्माण कार्य को पूरा कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा काफी सख्ती बरती जा रही है। भीमा तालाब के भी काम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गंभीरता से काम कराए जाने नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वहीं जो भी काम अधूरे हैं उन्हें शीघ्र ही पूरा कराने कहा गया है। ऐसे में अफसर भी सहमे हुए हैं।
इस साल भी भीमा रह जाएगा सूखा
एक तरह जहां भीमा का सौँदर्यीकरण का काम अधूरा है, वहीं भीमा को भरने सिंचाई विभाग द्वारा बनाई जा रही नाली का निर्माण भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में इस साल भी नहर के पानी से भीमा को भर पाना संभव नहीं होगा। जबकि भीमा में पानी रहने से आसपास क्षेत्र का जलस्तर गर्मी में भी कम नहीं होता।
सीएमओ का कॉल भी रिसीव नहीं कर रहा ठेकेदार
बताया जा रहा है कि नोटिस जारी करने से पहले सीएमओ पीएन पटनायक दो से तीन बार भीमा तालाब के साइट में काम देखने पहुंचे थे। वहां पहुंचकर हर बार ठेकेदार से चर्चा करने उन्हें फोन लगाया गया लेकिन कॉल ही रिसीव नहीं किया गया। काम बंद होने की बात पूछने पर सीएमओ का कहना था कि ठेकेदार से बात ही नहीं हो पाई है कि किस कारण से काम नहीं कराया जा रहा। कुछ भी बात है तो चर्चा करने के बाद ही हल निकलेगा।
-भीमा तालाब का सौंदर्यीकरण का काम ठेकेदार द्वारा पूरा नहीं कराया जा रहा है। जल्द से जल्द काम पूरा कराने एक नोटिस जारी किया गया है। जल्द ही काम शुरू नहीं होने पर जिला प्रशासन को अवगत कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-पीएन पटनायक सीएमओ जांजगीर-नैला
Published on:
8 Apr 2019, 6:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.