
जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर में नपा के द्वारा विद्युतीकरण के नाम पर करोड़ों रुपए फूंके जा रहे हैं मगर शहर का कोई भी ऐसा प्रमुख मार्ग नहीं होगा जहां आप शाम ढले चले जाइए, आपको पर्याप्त रोशनी नजर आ जाएगी। बड़े शहरों की तर्ज पर यहां स्ट्रीट लाइट तो लगा दिए गए हैं मगर इनकी बत्ती आए दिन गुल ही रहती है। नहरिया मार्ग मंदिर मार्ग, विवेकानंद मार्ग, केरा रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग सभी ओर अंधेरे का आलम है।
नगरपालिका की सभी सडक़ मार्गों में अंधेरे का आलम मिलेगा। शाम ढलते ही शहर के किसी भी मार्ग पर चले जाओ, अंधेरा ही नजर आता है। यह हादसों की वजह भी बन रहा है, इसके बाद भी जिम्मेदार नपा के द्वारा बंद स्ट्रीट लाइटों को सुधारने की दिशा में ध्यान नहीं दिया जा रहा है। त्योहारी सीजन के दौरान भी शहरवासी अंधेरे में चलने मजबूर होंगे। आज से नवरात्रि की शुरुआत भी हो रही है। फिर विजयादशमी का पर्व मनेगा। इस दौरान पूरे दस दिनों तक शहर भर में भीड़ निकलेगी। सडक़ों पर भीड़ रहेगी, ऐसे में स्ट्रीट बत्ती की ऐसी स्थिति के चलते लोगों को अंधेरे में आने-जाने में भी परेशानी होगी।
गौरतलब है कि, पिछले साल ही नहरिया बाबा मंदिर मार्ग से लेकर आईबी रेस्ट हाउस से होते हुए छोटी पुलिया तक करीब 90 लाख रुपए खर्च कर स्ट्रीट लाइट लगाए गए हैं मगर सालभर बाद ही यह स्थिति है कि इस मार्ग में आए दिन अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद ही रहती है। आईबी रेस्ट से आगे तो आए दिन पूरा अंधेरा ही छाया रहता है। यही हाल विवेकानंद मार्ग का भी है। बीटीआई चौक से एसडीएम आफिस तक तो स्ट्रीट बत्ती डिस्को लाइट की तरह जल रही है। दीया तले अंधेरा वाली स्थिति इस मार्ग में है। रोशनी नीचे सडक़ तक आते-आते इतनी मध्यम हो जा रही है कि सडक़ पर अंधेरा नजर आता है। केरा रोड में भी अधिकांश स्ट्रीट लाइटों की बत्ती गुल हो चुकी है और आए दिन अंधेरे के चलते इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। कई बार यहां डिवाइडर पर ही गाडिय़ां चढ़ चुकी है।
हाईस्कूल मैदान में भी अंधेरे का आलम...
विद्युतीकरण की दिशा में सडक़ों पर ही नहीं बल्कि शहर के प्रमुख स्थानों पर ही नपा के लाखों रुपए खर्च किए हैं मगर सभी चार दिन की चांदनी साबित हो रहे हैं। शहर के हाईस्कूल मैदान को रोशन करने के लिए लाखों रुपए खर्च कर स्ट्रीट लाइट लगाई गई है लेकिन अधिकांश दिनों किसी न किसी खंभे की लाइट बुझी ही रहती है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के चलते अंधेरा ही नजर आता है। इसी तरह भीमा तालाब को रोशन करने चारों ओर रंग-बिरंगी लाइटें लगाने में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए हैं मगर यहां भी आए दिन कई लाइटें बंद ही रहती है।
चुनिंदा ठेकेदारों पर ही मेहरबानी....
नपा में विद्युतीकरण के काम को लेकर चुनिंदा ठेकेदारों पर ही मेहरबानी नजर आ रही है। स्थिति यह है कि विद्युतीकरण का काम होना है तो इनके अलावा किसी और को काम ही नहीं मिलता। बिना वर्कऑर्डर तक काम शुरु हो जाता है और ठेकेदार भी मौखिक बोलने पर ही लाखों रुपए का काम करने तैयार
रहते हैं।
एक-दो दिन में ही नई लाइटें वेंडर से मिलनी वाली हंै। प्रमुख मार्गों में जहां-जहां भी समस्या हैं वहां तत्काल लाइटें बदली जाएंगी। नहरिया बाबा मंदिर मार्ग में लाइटें खराब नहीं है केबल का फाल्ट रहता है, जिसे दुरुस्त किया जाएगा। त्योहारी सीजन में बेहतर विद्युतीकरण व्यवस्था शहरवासियों को मिलेगी, ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं।
चंदन शर्मा, सीएमओ नपा जांजगीर-नैला
Published on:
15 Oct 2023 03:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
