
सोसायटियों से किसानों को नहीं मिल रहा खाद व बीज, किसान परेशान
जांजगीर-चांपा. सहकारी सोसायटियों से किसानों को खाद-बीज नहीं मिल रहा है। बोवनी के वक्त खाद बीज नहीं मिलने से किसान परेशान हो रहे हैं। यदि यही स्थिति रही तो वे बोवनी ही नहीं कर पाएंगे। जिले के अधिकतर सहकारी सोसायटियों में खाद व बीज नहीं मिलने से किसान खासे परेशान दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में किसानों के सामने बीज व खाद के लिए खासी मशक्कत उठानी पड़ सकती है।
खाद व बीज नहीं मिलने से कई किसान बोवनी से वंचित हो जाएंगे। किसानों ने बताया कि सोसायटियों में पता करने पर बीज निगम से धान की बीज नहीं मिल पाया है जिसके कारण बीज की सप्लाई सभी जगह नहीं हुआ है। किसानों को खाद नहीं मिल रहा है, सोसायटी ने बड़े किसानों की ऋण लिमिट जारी कर दी है। छोटे किसान परेशान हैं। सोसायटियों में ताला लगने की नौबत आ गई है।
किसान जगत साहू के मुताबिक कई किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है। ये सोसायटियों की जवाबदारी है कि वे खाद उपलब्ध कराएं। यदि खाद उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो जिले की सोसायटियों पर ताले लगा दिए जाएंगे। खरीफ धान समेत अन्य फसलों का बीज व खाद नहीं मिल पाया है। समय पर धान का बीज नहीं मिल पाने से कृषकों में रोष व्याप्त है। किसानों ने बताया कि धान व अन्य खरीफ फसल के बीज नहीं मिल पाया। खरीफ फसल का बीज व खाद नहीं मिल पाने से कृषकों में मायूसी है। बीज नहीं मिल पाने की वजह से खुले बाजार में धान के बीज व खाद की खरीदारी करनी पड़ रही है।
- बीज व खाद मंगाया गया है, जैसे ही बीज व खाद आएगा। किसानों को वितरित किया जाएगा- मदन साहू, सोसायटी प्रबंधक
Published on:
3 Jun 2018, 7:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.