
patrika
चित्तौडग़ढ़. राजस्थान पत्रिका के शैक्षिक प्रकोष्ठ पत्रिका इन एजुकेशन (पाई) एवं आरएनटी पी.जी. कॉलेज कपासन के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सामान्य सहित सभी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आर.एन.टी. ज्ञान समृद्धि छात्रवृति परीक्षा एक साथ रविवार को 7 परीक्षा केन्द्रों कपासन, चित्तौडग़ढ़, निम्बाहेड़ा, प्रतापगढ़, बेगंू, रेलमंगरा एवं भीलवाड़ा में सुबह 11 बजे से आयोजित की गई।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुबह 9 बजे से ही विद्यार्थियों की भीड़ लगना शुरू हो गई। छात्रों में इस परीक्षा को लेकर बहुत उत्साह रहा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। साथ ही शीतल शर्बत पिलाया। कपासन में स्टेट हाइवे रोड, माताजी मन्दिर के पास स्थित आर.एन.टी. कॉलेज में 6 07 विद्यार्थी, चित्तौडगढ के गांधी नगर स्थित आर.एन.टी. विधि महाविद्यालय में 223, निम्बाहेड़ा में स्टेट हाइवे पर स्थित डी.पी.एस. वल्र्ड स्कूल में 118 , बेगंू में स्थित संस्कार पब्लिक सैकण्डरी स्कूल में 172, प्रतापगढ़ में ए.पी.सी. कॉलेज में 143, रेलमंगरा में भारतीय शिशु निकेतन स्कूल में 78 एवं भीलवाड़ा आजाद नगर पी सेक्टर में संत विद्यानन्द स्कूल में 248 विद्यार्थियों ने आर.एन.टी. ज्ञान समृद्धि छात्रवृति परीक्षा दी।
यह परीक्षा बांसवाड़ा, तलवाड़ा, अरथूना, डूंगरपुर, राशमी, भादसोड़ा, शाहपुरा, बिजौलिया, जहाजपुर, मांडलगढ़, निम्बाहेड़ा, बांसी, बोहेड़ा, गंगरार, चंदेरिया, प्रतापगढ़, पीपलखूंट, धरियावद, अरनोद, डूंगला, रावतभाटा आदि क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने दी। कई विद्यार्थियों के साथ उनके परिजन भी साथ आए। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय से सम्बन्धित पीपीटी प्रेजेंटेशन दिया गया। कपासन में पुस्तकालय, वाचनालय, कम्प्यूटर लेब, भौतिक विज्ञान, रसायन शास्त्र, वनस्पति विज्ञान एवं कृषि की प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। साथ ही जिम्नेजियम, हॉस्टल, बास्केटबॉल एवं अन्य खेलों के मैदान, केंटीन आदि की भी जानकारी ली।
प्राप्त कर सकेंंगे छात्रवृत्ति
इस छात्रवृति परीक्षा में भाग लेकर विद्यार्थी आरएनटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के सभी महाविद्यालयों में प्रवेश लेकर 25 प्रतिशत से लेकर शत प्रतिशत तक छात्रवृति प्राप्त कर सकेंगे। 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत छात्रवृति प्राप्त होगी। 8 0 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को 50 प्रतिशत छात्रवृति, 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को 25 प्रतिशत छात्रवृति प्राप्त होगी।
महाविद्यालय के प्रबन्ध निदेशक वसीम खान ने बताया कि लगभग 50 लाख रुपए की छात्रवृति इन विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी। सभी परीक्षार्थियों को महाविद्यालय में संचालित बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी. (जीव विज्ञान/गणित), बी.सी.ए., बी.बी.ए. सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश पर 2000 रुपए की छात्रवृति प्रदान की जाएगी। परीक्षा परिणाम 15 जून को जारी किया जाएगा।
विद्यार्थियों का कहना है
अरथूना (बांसवाड़ा) के विज्ञान संकाय के छात्र खुशपाल बुनकर से कपासन परीक्षा पर कहा कि परीक्षा देकर बहुत अच्छा लगा। मैंने पूरे महाविद्यालय का अवलोकन किया। यहां की विज्ञान की लेब्स, जिम एवं अन्य सुविधाएं अच्छी लगी। यह परीक्षा छात्रों के लिए बहुपयोगी है।
तलवाड़ा (बांसवाडा) के पंकज सेन ने कहा कि साइंस का पेपर देखकर लगा कि हमने तो इतनी पढ़ाई बांसवाड़ा में कभी की ही नहीं, पर अब मैं पढ़ कर वैज्ञानिक बनना चाहता हूं।
प्रतापगढ़ परीक्षा केन्द्र की छात्रा वर्षा लबाना ने कहा कि जीके का पेपर सरल था, लेकिन विषयों के पेपर कठिन थे, लाइफ का पहला कम्पीटिशन देना अच्छा लगा। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है।
निम्बाहेड़ा परीक्षा केन्द्र की अंजली कुमावत ने कहा कि ऐसी परीक्षा देकर बहुत खुशी हुई। मैं राजस्थान पत्रिका एवं आर. एन. टी. पी.जी. कॉलेज को बहुत बहुत बधाई देती हूं। मैं भविष्य में सी.एस. करना चाहती हूं।
परीक्षा केन्द्र भीलवाड़ा के छात्र अक्षत दाधीच ने कहा कि परीक्षा देकर बहुत अच्छा लगा। बड़ी खुशी हुई कि सामान्य वर्ग के लिए आर.एन.टी. कॉलेज की ओर से छात्रवृति प्रदान की जा रही है। मैं पढ़ाई करके सिविल सर्विसेज में जाना चाहता हूं।
परीक्षा केन्द्र बेगंू की छात्रा खुशी सबनानी,ने बताया कि छात्रवृति के लिए परीक्षा देकर बहुत अच्छा लगा, सामान्य वर्ग की छात्रा हूं। मुझे उम्मीद है कि मेरे 8 0 प्रतिशत से अधिक अंक आएंगे। मुझे छात्रवृति मिलती है तो खुशी होगी।
परीक्षा केन्द्र चित्तौडग़ढ़ की माधुरी छीपा ने कहा कि परीक्षा देकर अच्छा लगा। मेरे 70 प्रतिशत से अधिक अंक आने की उम्मीद है। वैसे कला वर्ग की हूं तथा बीसीए करके सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती हूं।
परीक्षा केन्द्र कपासन की छात्रा किरण सोनी ने कहा कि मैं साइंस में रिसर्च करना चाहती हूं। अभी 12वीं में 8 8 प्रतिशत अंक आए। यह परीक्षा देकर लगा कि अभी साइंस में बहुत पढ़ाई करनी शेष है। बहुत अच्छा आयोजन है।
परीक्षा केन्द्र रेलमंगरा के छात्र ललित मेनारिया ने कहा कि परीक्षा देकर सारी पढ़ाई रिवाइज हो गई। ऐसी परीक्षा देकर एक लक्ष्य निर्धारित होता है कि कुछ करें और आगे बढ़े।
Published on:
04 Jun 2017 06:14 pm

बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
