
बम्हनीडीह. ग्राम पंचायत पोडीशंकर स्थित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला आनंद नगर के कक्षा पांचवी क्लास की एक बच्ची को शिक्षक ने गणित की पढ़ाई नहीं करने पर बेरहमी से पिटाई कर दी है।
बच्ची ने रो-रोकर बताया कि उसका बस इतना कुसूर था कि उसने गणित का सवाल हल नहीं किया था। जिससे शिक्षक ने उसके गाल पर चार पांच थप्पड़ जड़ दिए। बच्ची के गाल में शिक्षक केपी रात्रे के अंगुलियों के निशान पड़ गए। यहां पर दुखद पहलु यह है कि बच्ची के माता-पिता बाहर कमाने खाने गए हुए हंै और वह अपने चाचा-चाची के साथ आनंद नगर पोड़ीशंकर में रह कर पढ़ाई कर रही है। इस घटना से पूरे गांव में शिक्षक के प्रति आक्रोश पनप रहा है। वहीं घटना के बाद से बच्ची पूरी तरह से डरी हुई है और स्कूल जाने से घबरा रही है। उसे इस बात का डर सता रहा है कि कहीं रंजिशव के चलते फिर कहीं उसकी पिटाई न कर दे। फिलहाल अभिभावकों ने मामले की शिकायत डीईओ से की है। डीईओ ने मामले की जांच के लिए बीईओ को आदेशित किया है।
बच्ची पर बयान बदलने डाला जा रहा दबाव
स्कूल में कार्यरत दूसरा शिक्षक साथी शिक्षक को बचाने में पूरी ताकत झोंक रहा है। शिक्षक को बचाने के फेर में उक्त शिक्षक बच्ची के चेहरे का कलर गोरा होने की बात कह रहा है। बच्चों पर दबाव डाला जा रहा है कि यदि कोई पूछे तो किसी से यह बात बताने के लिए मना करना, नहीं और बुरा हश्र होगा।
ग्रामीणों ने शिक्षक पर और भी लगाए कई आरोप
पोड़ीशंकर के आनंद नगर के लोगों ने बताया कि प्राइमरी स्कूल में केवल दो शिक्षक हैं। दोनों शिक्षक एक साथ कभी स्कूल नहीं आते। दोनों एक-एक दिन के अंतर में बारी-बारी स्कूल पहुंचते हैं। इससे स्कूल की पढ़ाई प्रभावित होती है। आरोप यह भी है कि यहां के शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाए अपना निजी काम ज्यादा करते हैं। एक शिक्षक के भरोसे पूरा पांचों क्लास संचालित होती है और बच्चे पढ़ाई नहीं करते हैं तो शिक्षक उन पर आए दिन हाथ उठाते हैं। जिससे छात्रों में दहशत का आलम रहता है।
सीधी बात
केपी रात्रे, प्रधान पाठक
सवाल: आप के द्वारा बच्चे को बेरहमी से पीटा गया है?
जवाब: नहीं मेरे द्वारा बच्चे को इतनी बेरहमी से नहीं पीटा गया।
सवाल: तो छात्रा के गाल पर चोंट के निशान कैसे पड़े?
जवाब: सभी आरोप बेबुनियाद है।
सवाल: कल तक तो आपने तो गलती स्वीकार की थी।
जवाब: जब आप लोग सब जान रहे हैं तो सवाल क्यों कर रहे हैं।
&बच्चों को मारना नहीं है। अगर शिक्षक ने छात्रा को मारा है तो वह गलत है। इसकी जांच के लिए बीईओ को आदेशित कर देती हूं।
-भारती वर्मा, डीईओ जांजगीर-चांपा
Published on:
15 Oct 2023 03:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
