
बीईओ कानूनी कर्रवाई करने की बात कह रहे
जांजगीर-चांपा. जिले के अकलतरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चंगोरी के सरपंच ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जर्जर स्कूल भवन में ताला लगा दिया। इससे बच्चों को खुले आसमान के नीचे बैठना पड़ा। वहीं सरपंच की इस हरकत को बीईओ मनमर्जी पूर्वक बताते हुए कानूनी कर्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
ग्राम चंगोरी के पूर्व माध्यमिक स्कूल में 172 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और स्कूल भवन भी है, लेकिन यहां को विद्यार्थियों को पढ़ाई करने की सुविधा नहीं है। ऐसी बात भी नहीं कि यहां शिक्षक कम हों। शिक्षक भी पर्याप्त हैं, लेकिन अध्ययन कार्य ठप है। स्कूल भवन जर्जर होने की बात कहते हुए गुरूवार को ग्राम के सरपंच छोटेलाल पटेल ने संकुल प्रभारी व प्रधान पाठक के सामने पंचनामा बनाकर स्कूल भवन में ताला लगा दिया।
स्कूल भवन में ताला लगाने के बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में ही खुले आसमान के तले बैठा दिया। स्कूल भवन में ताला लगाने की सूचना संकुल प्रभारी द्वारा तत्काल बीईओ को दी गई, जिस पर बीईओ ने सरपंच से फोन पर संपर्क किया और समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन सरपंच नहीं माने।
इसके बाद बीईओ ने एबीईओ को ग्राम चंगोरी भेजकर वस्तुस्थिति का पता लगाने कहा। साथ ही वहां की स्थिति को लेकर अपनी रिपोर्ट देने कहा। इस पर एबीईओ ग्राम चंगोरी पहुंचे। तब तक स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी। इस दौरान बच्चे खुले आसमान के नीचे ही बैठे रहे। अधिकारियों की लाख मनाने की कोशिश हुई, लेकिन सरपंच अपनी जिद पर अड़े रहे। इस संबंध में बीईओ ने एबीईओ से रिपोर्ट मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
सरपंच के मनमाने बोल
स्कूल भवन में ताला लगाने की बात पर सरपंच छोटेलाल पटेल से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वे गांव के हित के लिए कुछ भी कर सकते हैं। स्कूल भवन में ताला लगाने के अधिकार होने के संबंध में भी उनका यही जवाब रहा कि बच्चों की जान को जोखिम में नहीं डाला जा सकता। इसके लिए किसी अन्य नियम की आवश्यकता नहीं है। साथ उनका यह भी कहना रहा कि नए स्कूल भवन के लिए उनके द्वारा लगातार विभागीय अधिकारियों, विधायक से पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन जर्जर स्कूल भवन के बदल नए भवन की स्वीकृति नहीं मिलने से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है।
भवन का भौतिक सत्यापन
ग्राम चंगोरी स्थित भवन का भौतिक सत्यापन संकुल प्रभारी, समन्वयक तथा प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों द्वारा की गई है। उनका कहना है कि पूर्व माध्यमिक शाला में दो कमरे, एक कार्यालय व बारामदा है। कमरों के छत गिर रहे हैं और उनसे पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे कमरों में पानी भरा है। एक अतिरिक्त कक्ष है, जिसके भी मरम्मत की आवश्यकता है। यहां भी छत से प्लास्टर उखड़ चुका है। सभी शिक्षकों का भी मानना है कि दर्ज संख्या 172 विद्यार्थियों के हिसाब से कमरे पर्याप्त नहीं है। बैठक व्यवस्था बनाने प्राथमिक शाला के एक कमरे का उपयोग किया जा रहा है, जहां कक्षा 6वीं तथा 8वीं के विद्यार्थी बैठते हैं। इसके चलते प्राथमिक शाला की भी बैठक व्यवस्था चरमरा गई है।
-चंगोरी स्कूल भवन में सरपंच द्वारा ताला लगाना गलत है। इस संबंध में एबीईओ से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। जरुरत पडऩे पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
-सीके धृतलहरे, बीईओ अकलतरा
Published on:
09 Aug 2018 08:40 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
