
वेदांता प्लांट हादसा में मौत का आंकड़ा 22, एक और मजदूर ने तोड़ा दम, मौतों का सिलसिला जारी(photo-patrika)
Vedanta Plant Accident: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता प्लांट हादसे में एक और मजदूर की मौत हो गई है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले सुब्रोतो जेना, जो 80-90 प्रतिशत तक झुलस गए थे, ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। इस हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर 22 पहुंच गई है।
इससे पहले मध्यप्रदेश के रहने वाले किस्मत अली की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुल 36 मजदूर झुलसे थे, जिनमें से अब भी 14 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत प्रबंधन से जुड़े 10 लोगों के खिलाफ डभरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जिम्मेदारों की भूमिका तय की जा रही है।
हादसे के 24 घंटे बाद औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जांच में प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि उत्पादन बढ़ाने की जल्दबाजी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्लांट में प्रोडक्शन दोगुना करने के प्रयास में बॉयलर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिसके चलते वह फट गया। अधिकारियों ने यह भी पाया कि पहले से चेतावनी मिलने के बावजूद काम नहीं रोका गया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि मशीनों के रखरखाव और संचालन में गंभीर लापरवाही बरती गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल का सही तरीके से पालन नहीं किया गया, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों स्तर पर जांच जारी है। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Updated on:
18 Apr 2026 12:12 pm
Published on:
18 Apr 2026 12:12 pm
