
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Crime News: जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुरकुंगा में हुए सनसनीखेज हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने रात में सो रहे एक परिवार पर हमला कर न केवल मारपीट की, बल्कि जेसीबी से पीड़ित परिवार के बन रहे प्रधानमंत्री आवास को भी ध्वस्त कर दिया।
इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 190, 191, 296, 116-2, 351-3, 109, 324 एवं 331 के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मामले में शंकर राम 65 वर्ष, निवासी ग्राम चराईमारा थाना नारायणपुर, जिला जशपुर तथा लूनेश्वर यादव 24 वर्ष, निवासी बहला टोली चिटक्वाइन थाना नारायणपुर जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपी भी चिन्हित कर लिए गए हैं, जो फरार चल रहे हैं, उनकी खोजबीन जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।
पीड़ित राजकुमार 55 वर्ष, निवासी कुरकुंगा ने 5 फरवरी 2026 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, घटना दिनांक 4 फरवरी की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन कर घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपियों, शंकर राम, सुरेशए लूनेश्वर यादव और उनके साथियों ने अचानक उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले प्रार्थी के बाल पकड़कर उसे खींचकर घर से बाहर निकाला और लोहे के सब्बल से उसकी पीठ एवं सीने पर वार किए।
हमले के दौरान प्रार्थी को जमीन पर गिरा दिया गया और उस पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश भी की गई। हमला यहीं नहीं रुका, प्रार्थी के परिजनों पर भी अंधाधुंध हाथ-मुक्का, लाठी और लोहे के रॉड से प्रहार किए गए। प्रार्थी के बेटे पिताम्बर यादव को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने इसी दौरान प्रार्थी के पीएम आवास को जेसीबी से भारी नुकसान पहुंचाया। मारपीट की आवाज सुनकर गांव के सरपंच, बीडीसी सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। साक्ष्य मिलने पर दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध कबूल किया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि बाकी आरोपी भी चिन्हित हैं और कहा कि फरार आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
Updated on:
12 Feb 2026 09:17 am
Published on:
12 Feb 2026 09:17 am
