
आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG Murder News: जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जादू-टोना के शक में एक युवक ने अकेली रह रही वृद्ध महिला की हत्या कर दी। घटना गितारीपानी गांव की है, जहां 31 वर्षीय छंदनू राम ने 71 वर्षीय फूलमइत बाई को लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी को संदेह था कि उसके बच्चों की बीमारी के पीछे महिला का जादू-टोना है। एसडीओपी दिलीप कोसले के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। महिला अपने घर में सो रही थी, तभी आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर शनिवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका फूलमइत बाई अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेली रहती थी। वह लकवा से पीड़ित थी और चलने-फिरने में असमर्थ थी। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें खाना देने पहुंचे, तो वह मृत अवस्था में मिलीं। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। पास में लकड़ी का डंडा भी मिला, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
परिजनों ने ग्रामीणों से पूछताछ की, तब सामने आया कि गांव के ही छंदनू राम को महिला पर जादू-टोना करने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य बार-बार बीमार रहते थे। उसे शक था कि फूलमइत बाई जादू-टोना कर रही हैं। इसी कारण 3 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वह महिला के घर पहुंचा और लकड़ी के डंडे से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक बैजन्ती किंडो, नरेंद्र मिंज, आरक्षक मुकेश पांडे और नगर सैनिक बलिराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जादू-टोना के शक में महिला सरपंच की हत्या, धारदार हथियार से जेठ ने काटा गला- जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगादरहा की नवनिर्वाचित महिला सरपंच की मंगलवार को अपने घर के आंगन में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। एक चुने हुए जनप्रतिनिधि की चुनाव के बाद इस प्रकार से दिन दहाड़े हुए सनसनीखेज हत्याकांड से कई प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थी… पूरी खबर पढ़े
Updated on:
06 Apr 2026 03:00 pm
Published on:
06 Apr 2026 03:00 pm
