13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऑपरेशन ‘आघात’ में बड़ी कामयाबी! ओडिशा-Delhi रूट पर पुलिस ने कार समेत 112 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार

CG Ganja Smuggling: जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत कार से 112 किलो गांजा जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। ओडिशा से दिल्ली ले जाए जा रहे इस नशीले माल की कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है।

2 min read
Google source verification

ऑपरेशन 'आघात' में बड़ी कामयाबी! ओडिशा-Delhi रूट पर पुलिस ने कार समेत 112 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार(photo-patrika)

CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार से गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 112 किलो गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।

CG Ganja Smuggling: ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत कार्रवाई

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत यह कार्रवाई की गई। नशे के कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से जिलेभर में लगातार निगरानी और सख्ती बरती जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से लेकर दिल्ली की ओर ले जाया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

सूचना के आधार पर पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार रोकते ही एक आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर झाड़ियों से पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

वाहन सहित गांजा जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 112 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया है। जब्त सामग्री को सुरक्षित रखा गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली में खपाने की फिराक में थे। पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

नशे के खिलाफ सख्त रुख

जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।