
डॉक्टर के पिता जानकारी देते फोटो सोर्स पत्रिका
जौनपुर में चाइनीज मांझे की खतरनाक धार ने एक युवा एमबीबीएस डॉक्टर की जान ले ली। बाइक से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया। बल्कि चाइनीज मांझे पर रोक के बावजूद हो रहे इसके इस्तेमाल पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक एमबीबीएस डॉक्टर की मौत हो गई। यह हादसा लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे के पास दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। डॉक्टर बाइक से अपने काम निपटाकर घर की ओर लौट रहे थे। तभी अचानक सड़क पर फैला चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मांझे की धार इतनी तेज थी कि डॉक्टर की गर्दन गंभीर रूप से कट गई। कुछ ही पलों में उनकी गर्दन से तेज़ी से खून बहने लगा। सड़क खून से लाल हो गई। डॉक्टर दर्द से तड़पते हुए बाइक से नीचे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग घटना देखकर घबरा गए और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल डॉक्टर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान केराकत क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर समीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जौनपुर में किसी निजी कार्य से आए थे। लौटते समय यह हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। प्रतिबंध के बावजूद इस तरह की लापरवाही न केवल आम लोगों बल्कि जिम्मेदार पेशे से जुड़े लोगों की जान भी ले रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
Updated on:
14 Jan 2026 04:22 pm
Published on:
14 Jan 2026 03:37 pm
बड़ी खबरें
View Allजौनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
