जौनपुर। जिलाधिकारी जौनपुर और एसपी जौनपुर ने बीते सोमवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण में डीएम को कैदियों के बैरक में पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबध टीडी कालेज की लिखी हुई आंसरशीट मिली थी। इसके बाद हड़कंप मच गया। डीएम ने इस संबंध में लाइनबाजार थाने को जांच सौंपी थी, जिसपर मंगलवार को टीडी कालेज के विषय समन्वयक से लाइन बाजार थाने में पूछताछ की गई। इस दौरान पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ राहुल सिंह के नेतृत्व में कालेज के 20 की संख्या में शिक्षक थाने पहुंचे और अपना पक्ष रखा जिसके बाद पुलिस ने विषय समन्वयक को जांच में सहयोग करने की बात कहकर जाने दिया।