30 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे कॉलेज मैदान पर होगी राहुल गांधी की, कांग्रेस के संभागीय समन्वयक जोशी ने दी जानकारी
झाबुआ. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 30 अक्टूबर को प्रस्तावित झाबुआ दौरे के दूसरे दिन यानी 1 नवंबर को मप्र की सभी 230 विधानसभा के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती हैं। यह खुलासा कांगे्रस के संभागीय समन्वयक एमडी जोशी ने किया। वे राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने झाबुआ आए थे।
इस दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय पर ब्लॉक कांग्रेस और शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक ली। अब तक कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं किए जाने की बात पर पत्रिका से चर्चा के दौरान जोशी ने बताया हमारा होमवर्क हो चुका है। उम्मीदवारों के नामों को लेकर दो बार स्क्रीनिंग कमेटी और एक बार सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक हो चुकी है। कुछ नामों पर मोहर लग चुकी है तो कुछ पर अंतिम दौर की चर्चा होना बाकी है। 26 अक्टूबर को पार्टी का संसदीय बोर्ड व वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में सब कुछ तय हो जाएगा। चूंकि अभी राहुल गांधी का इंदौर-उज्जैन संभाग का दौरा है और यदि इसके पहले नामों की घोषणा कर दी जाती है तो सभा का पूरा खर्च उम्मीदवार के खाते में चला जाएगा। झाबुआ में होने वाली जनसभा के साथ ही प्रदेश में लगभग हर क्षेत्र मं राहुलजी के दौरे पूरे हो जाएंगे। इसके बाद 1 नवंबर को मप्र की सभी विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
गांधी परिवार का आदिवासी इलाकों में है प्रभाव इसलिए आ रहे झाबुआ : कांग्रेस के संभागीय समन्वयक जोशी ने बताया गांधी परिवार का आदिवासी इलाकों में अच्छा खासा प्रभाव रहा है।
पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी तक ने आदिवासियों के हितों से जुड़े फैसले किए हैं। इसलिए राहुल गांधी खास तौर 30 अक्टूबर को झाबुआ आ रहे हैं। वे दोपहर 2 बजे स्थानीय कॉलेज मैदान पर जनसभा लेंगे। इसमें तीन लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए झाबुआ, थांदला व पेटलावद विधानसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हो चुकी है। मंगलवार को प्रदेश के सह प्रभारी संजय कपूर भी आ रहे हैं। वे राहुल गांधी के दौरे को लेकर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे।
29 को महाकाल के दर्शन के साथ होगी राहुल के दौरे की शुरुआत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उज्जैन-इंदौर संभाग के दौरे की शुरुआत 29 अक्टूबर को उज्जैन में महाकाल के दर्शन के साथ करेंगे। इस दिन उज्जैन के साथ देवास में उनका रोड शो रहेगा। राहुल इसी दिन डॉ.भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। 30 अक्टूबर को खरगोन व झाबुआ में सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे से जुड़े तीन राजनीतिक मायने
1. महाकाल दर्शन: 29 अक्टूबर को राहुल गांधी उज्जैन में महाकाल के दर्शन के साथ दौरे की शुरुआत करेंगे।
मायने: पिछले कुछ समय से राहुल लगातार मंदिरों में जाकर अपनी सॉफ्ट हिंदुत्व की छवि बनाने में लगे हैं। ताकि ङ्क्षहदू वोटर्स को कांग्रेस से जोड़ा जा सके।
2. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण: महू संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मस्थली है। राहुल गांधी यहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाएंगेे।
मायने: इसे दलितों को साधने का प्रयास माना जा रहा है। यह भी संदेश देने का प्रयास हो सकता है कि एससी-एसटी एक्ट को लेकर कांग्रेस दलितों के साथ खड़ी है।
3: आदिवासी अंचल में सभा: राहुल गांधी 30 अक्टूबर को पश्चिमी मप्र के आदिवासी जिले झाबुआ में जनसभा लेंगे।
मायने: झाबुआ-आलीराजपुर जिला कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। फिलहाल पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा विधायक है। ऐसे में राहुल के दौरे को गांधी परिवार के नाम पर आदिवासियों को कांग्रेस से जोडऩे की कवायद माना जा रहा है।
सभा की तैयारी पर विचार-विमर्श
थांदला. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के ३० अक्टूबर को झाबुआ में होने वाली आमसभा के लिए कांग्रेस कमेटी ने रूपरेखा तैयार कर रणनीति बनाई। स्थानीय कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल मेहता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 30 अक्टूबर को झाबुआ आएंगे। थांदला विधानसभा से एक लाख कार्यकर्ता आने का लक्ष्य भी रखा गया है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संभागीय समन्वयक मथुरादत्त जोशी, पूर्व विधायक वीरसिंह भूरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गेंदाल डामोर, प्रकाश रांका, मेघनगर ब्लॉक अध्यक्ष यामिन शेख, चैनसिंह डामोर, जसवंत भाबर, रसूल भाबर उपस्थित थे। संचालन थांदला विधानसभा प्रवक्ता विकास रावत ने किया।