12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टैंकर की चपेट में आए कार सवार 9 की मौत, सीएम मोहन ने हादसे का शिकार लोगों के लिए की बड़ी घोषणा

Jhabua Road Accident : सीएम मोहन यादव ने झाबुआ हादसे के शिकार ग्रामीणों की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार सहायता राशि देने की घोषणा की है।

3 min read
Google source verification
Jhabua Road Accident

टैंकर की चपेट में आए कार सवार 9 की मौत (Photo Source- Patrika)

Jhabua Road Accident : मध्य प्रदेश के झाबुआ में मंगलवार - बुधवार की दरमियानी रात को टैंकर और ईको वाहन के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 9 लोगों की सनसनीखेज मौत और एक युवती और बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में जहां एक तरफ पूरे गांव में मातम पसर गया है तो वहीं अब इस मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है तो वहीं दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ओर मंत्री निर्मला भूरिया ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। वहीं, झाबुआ अपर कलेक्टर मृतकों के गांव पहुंचे हैं।

आपको बता दें कि, जिले में मेघनगर-थांदला रोड पर स्थित सजेली फाटक पर हुए भीषण सड़क हादसे में 9 ग्रामीणों की मौत हुई है, जबकि एक युवती और एक बच्चे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए इको वाहन सवार सभी ग्रामीण शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी बीच टैंकर से उनकी टक्कर हो गई। मृतक एक ही गांव के 3 टोलो में रहते थे। वहीं अब इस मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार की सहायता जारी करने की घोषणा की है।

सीएम मोहन की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- 'झाबुआ जिले के सजेली रेलवे फाटक पर हुए हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों के काल-कवलित होने और दो लोगों के घायल होने के समाचार से हृदय अत्यंत व्यथित है। मृतकों के निकटतम वैध वारिसों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। !! ॐ शांति !!'

नेता प्रतिपक्ष ने दुख व्यक्त किया

वहीं, दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'झाबुआ के संजेली रेलवे फाटक के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। ग्रामीणों का कहना है कि, निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर कार्य कर रही कंपनी ने संकेतन नहीं लगाए थे, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ है। ये पहली घटना नहीं, इससे पहले भी इस मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं ने कई लोगों की जान ली है। प्रशासन की एक छोटी सी लापरवाही ने कई जान ले ली, क्या सरकार इसकी जिम्मेदारी लेगी? सरकार तत्काल कार्यरत निर्माण कंपनी पर कड़ी कार्रवाई करे और मृतकों और घायलों को उचित मुआवज़ा दे। मैं सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि और शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह अपार दुःख सहने की शक्ति दे।'

शादी समारोह से लौट रहे थे ग्रामीण

ये पूरा मामला जिले के मेघनगर-थांदला रोड स्थित सजेली फाटक के पास का है। इससे कुछ दूरी पर ही रेलवे ओवर ब्रिज का काम चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, थांदला क्षेत्र के ग्राम शिवगढ़ महुड़ा के 9 ग्रामीण और देवीगढ़ के दो लोग कल्याणपुरा के पास ग्राम मानपुरा में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सभी लोग इको वाहन (जीजे 09 बीएल 5956 ) से वापस लौट रहे थे। इस दौरान सजेली फाटक के नजदीक सामने से अचानक टैंकर (आरजे 09 जीसी 7915) आ गया। टैंकर ने ग्रामीणों से भरे इको वाहन को बुरी तरह से रौंद दिया, जिससे मौके पर ही 9 ग्रामीणों की मौत हो गई। जबकि, दो गंभीर घायल हैं। वहीं, टैंकर की चपटे में आने से इको वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी लगने पर एसपी पद्म विलोचन शुक्ल मौके पर पहुंचे। उन्होंने थांदला और मेघनगर थाना प्रभारी की आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

हादसे में इन लोगों की मौत

1-मुकेश पिता गोपाल खपेड़ (40), निवासी शिवगढ़ महुड़ा
2-अकली पति सोमला परमार (35) निवासी देवीगढ़
3-विनोद पिता मकेश खपेड़ (16), निवासी शिवगढ महुड़ा
4-पायल पिता मुकेश खपेड़ (12), निवासी शिवगढ़ महुड़ा
5-मडीबाई पति भारु बामनिया (38), निवासी शिवगढ़ महुड़ा
6-विजय पिता भारु बामनिया उम (14), निवासी शिवगढ़ महुड़ा
7-कान्ता पिता भारु बामनिया (14), निवासी शिवगढ़ महुड़ा
8-रागनी पिता रामचंद बामनिया (9) निवासी शिवगढ़ महुड़ा
9-शवलीबाई पति मुकेश खपेड़़ (35), निवासी शिवगढ महुड़ा

दुर्घटना में गंभीर घायल

इस भीषण हादसे में पायल पिता सोमला परमार (19), निवासी देवीगढ़ और आशु पिता रामचंद बामनिया (5), निवासी शिवगढ़ महुड़ा गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। पायल को दाहोद रेफर किया गया है। वहीं आशु का उपचार सिविल अस्पताल थांदला में चल रहा है।