
जिला दिव्यांग केंद्र के कर्मचारी हड़ताल पर, प्रमाण पत्र के लिए दिव्यांग परेशान
झाबुआ. जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के सभी कर्मचारियों के हड़ताल पर होने की जानकारी के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने दिव्यांगता का प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं किए। लिहाजा दूर-दराज से मुश्किलभरा सफर कर जिला मुख्यालय पहुंचे दिव्यांगों को खासी फजीहत झेलनी पड़ी। 30 से ज्यादा दिव्यांग केंद्र तक आकर खाली हाथ घर लौटे। दरअसल गत 18 सितम्बर को जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगता की जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया था।
इस दिन कुल 32 दिव्यांगों की जांच की गई और उन्हें 29 सितंबर को केंद्र पर आकर दिव्यांगता का प्रमाण पत्र ले जाने को कहा गया था। इस बीच केंद्र पर पदस्थ आठ कर्मचारी संविदा नीति का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन पर उतर गए। उन्होंने पहले ही सूचना दे दी थी कि 29 सितंबर को सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर भोपाल जाएंगे। ऐसे में अधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरण के लिए अलग से कोई व्यवस्था करें। इसके बावजूद उन्होंने इस ओर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा। नतीजतन शुक्रवार को अपना दिव्यांगता का प्रमाण पत्र लेने आए दिव्यांग परेशान होकर वापस लौट गए। कुछ ग्रामीण जिन्हें पढऩा नहीं आता था, वे सूचना चस्पा होने के बावजूद भी काफी देर तक केंद्र के बाहर सडक़ पर ही बैठे रहे।
केस 1: खवासा के ग्राम तेजपुरा के मुणिया
मूणीया अपने पोते कमल को लेकर आए थे। उनका पोता दिव्यांग है और उसका प्रमाण पत्र लेना था। वे काफी देर से केंद्र के दरवाजे खुलने का इंतजार कर रहे थे। फिर पता चला कि हड़ताल हैं तो वापस लौट गए। समय और पैसा दोनों का नुकसान हुआ। अब दोबारा आना पड़ेगा।
केस 2: कुंदनपुर खेड़ा का दिव्यांग परेशान
कुंदनपुर खेड़ा से आए दिव्यांग समीर वीरा ने बताया 18 सितंबर को कैंप में आए थे। उस वक्त जांच के बाद कहा था कि 29 को आना। उस दिन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। अब वापस जा रहे हैं। ये भी नहीं पता कि वापस कब आना है।
केस 3: घाटिया के दिव्यांग राजू इंतजार करते रहे
घाटिया से आए दिव्यांग राजू कटारा ने कहा हम तो यहां 10 बजे से आकर बैठ गए थे। दरवाजा बंद था तो सोचा थोड़ी देर में कर्मचारी आकर खोलेंगे। यदि हड़ताल थी तो प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए किसी की ड्यूटी लगाई जाना थी। अब दोबारा गांव से यहाँ आना पड़ेगा।
Published on:
30 Sept 2023 01:09 am
बड़ी खबरें
View Allझाबुआ
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
